चुनाव प्रचार का थमा शोर, आज बूथों पर रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
16 अप्रैल को चिरकुंडा नगर परिषद के चुनाव और धनबाद नगर निगम के दो वार्डों में उपचुनाव का प्रचार अभियान शनिवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया। चुनाव कराने पोलिंग पार्टियां रविवार को बूथों के लिए रवाना हाेंगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ए दोड्डे और एसएसपी मनोज रतन चोथे ने शनिवार को समाहरणालय में मीडिया से कहा कि सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष चौकसी रखी जाएगी। धनबाद और चिरकुंडा में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। जिलास्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम में दंडाधिकारी के साथ सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना आमजन कंट्रोल रूम में फोन नंबरों 6203367744 या 0326-2311217 पर दे सकते हैं। चिरकुंडा के कंट्रोल रूम में भी नंबरों 9304281611 या 06540270120 पर किसी तरह की सूचना दी जा सकती है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे समाप्त होगा।
25 बूथ अतिसंवेदनशील
एसएसपी चोथे ने बताया कि चिरकुंडा और धनबाद के दो वार्डों को मिला कर कुल 25 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। वहां सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एसआईएसएफ) और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाएगा। सरकार की ओर से एसआईएसएफ की एक और होमगार्ड की 3 कंपनियां भेजी गई हैं। जिला बल के 50 फीसदी जवानों को भी चुनाव कार्य में लगाया गया है। सभी बूथों पर महिला पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी। चुनाव के दिन डीसी और एसएसपी नगर निगम के वार्ड 31 में कैंप करेंगे।
भाजपा-मासस विकास विरोधी, रहें सावधान : अशोक
निरसा | चिरकुंडा में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को झामुमो कार्यकर्ताओं ने अपने उम्मीदवार के समर्थन में जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान जगह-जगह नुक्कड़ सभा कर लोगों से भाजपा-मासस से सतर्क रहने की अपील की गई। चिरकुंडा थाना के समीप शनिवार को आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए अशोक मंडल ने भाजपा और मासस को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि विकास के बड़े-बड़ दावा कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। 10 वर्षों से जनता पेयजल संकट से रही है। चिरकुंडा में समस्याओं की कमी नहीं है,लेकिन इसे दूर करने का प्रयास नहीं किया गया। पांच साल भाजपा का ही शासन रहा। इन पांच सालों में चिरकुंडा के विकास के लिए कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मासस एक माह में जल संकट समाप्त करने का वादा कर रही है, जबकि निकास बोर्ड के विधायक सदस्य भी है। अब तक उन्होंने क्यों नहीं इस पर ध्यान दिया। चिरकुंडा शहरी जलापूर्ति योजना में अबतक लगभग 25 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं, परंतु चिरकुंडा कि जनता पेयजल के लिए दर दर की ठोकर खाने पर मजबूर है। नुक्कड़ सभा को झामुमो के जिलाध्यक्ष रमेश टुडू, उपेंद्र नाथ पाठक, बोदीलाल हांसदा, शिवलाल सोरेन, दुलाल चक्रवर्ती, ठाकुर मांझी आदि ने संबोधित किया।
निर्दलीय संजय ने किया जीत का दावा
मारवाडी समाज के प्रत्याशी और समर्थक।
चिरकुंडा | चिरकुंडा नगर परिषद चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रहे संजय गाडयान ने अपनी जीत का दावा किया है। शनिवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने बताया कि वह व्यापरियों और मारवाड़ी समाज का एक मात्र उम्मीदवार हैं। दोनों का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया की चिरकुंडा में उपाध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम चौकाने वाला होगा। हमारा किसी से मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वह पेयजल समस्या के साथ ड्रेनेज सिस्टम और शहर को साफ और स्वच्छ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
चिरकुंडा नगर परिषद के चुनाव के दौरान झामुमो की सभा में उपस्थित लोग।
दिल्ली की वोटर हैं वार्ड 31 की प्रत्याशी सुमन : अशोक सिंह
धनबाद | भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष सह उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल प्रदेश प्रशिक्षण अभियान के सह संयोजक अशोक कुमार सिंह ने निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को एक आवेदन देकर वार्ड संख्या 31 की प्रत्याशी सुमन सिंह पर गलत तरीके से धनबाद की मतदाता बनने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि सुमन सिंह, पति अजय कुमार सिंह का नाम नई दिल्ली स्थित कालकाजी, गोविंदपुरी एसडीएमसी प्राइमरी स्कूल ब्लॉक के मतदान केंद्र में बतौर मतदाता दर्ज है। मतदाता कार्ड संख्या जेवीजी1216860 है। उपचुनाव में प्रत्याशी बनने के लिए उन्होंने गलत तरीके से धनबाद की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया।
दिल्ली से नाम कट गया है
दिल्ली में मतदाता सूची में नाम पहले दर्ज था। धनबाद में चुनाव लड़ने के छह माह पूर्व ही वहां मतदाता सूची से नाम कटवा चुकी हूं। जो दोनों जगह सूची में नाम दर्ज होने का आरोप लगा रहे हैं, वे पूरी तरह से गलत है। निर्वाचन पदाधिकारी के पास सभी कागजात उपलब्ध हैं।\\\'\\\' -सुमन सिंह, प्रत्याशी, वार्ड 31