युवाओं के विश्वास को टूटने नहीं देंगे:अभिषेक
सभा को संबोधित करते संयुक्त महामंत्री अभिषेक सिंह व अन्य मंचासीन ।
भास्कर न्यूज|भौंरा
भौंरा ऑफिसर्स क्लब में रविवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इससे पूर्व युवाओं ने भौंरा चेक पोस्ट से मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। इस दौरान विभिन्न संगठनों के करीब दर्जनों युवाओं ने नीरज सिंह के विचारधारा में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। समर्थकों ने 25 किलो का माला पहना कर धनबाद जिला कांग्रेस के चुनाव प्रभारी अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह का स्वागत किया। मौके पर उन्होंने कहा कि भौंरा के युवाओं की भावनाओं का सम्मान और उनके विश्वास को टूटने नहीं देंगे। मेरी जब तक सांसें चलेंगी,जनता के हितों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नीरज जी का शरीर हमसे अलग हुआ है, पर उनकी आत्मा व विचारधारा हमारे बीच जिंदा है। उन्होंने कहा कि झरिया विधानसभा एवं धनबाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशियों को जीता कर ही नीरज जी की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभा की अध्यक्षता जहान खान व संचालन सुग्रीव सिंह ने किया। मौके पर कालीचरण यादव, सुरेंद्र पांडेय, अनिकेत सिंह, राजीव सिन्हा, मिथिलेश ठाकुर, हरेंद्र यादव, विक्की कुमार, गौतम पांडेय, सुनील आदि थे।