पारा पहुंचा 40 डिग्री पार तीखी धूप ने किया बेहाल
दोपहर 2 बजे तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया
सिटी रिपोर्टर | धनबाद
धनबाद में गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। सोमवार को सुबह में धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ वह तीखी हो गई। दिन के 11 बजते-बजते तीखी धूप की चुभन ने बेहाल कर दिया। खुले आसमान के नीचे रहना मुश्किल हो गया। तीखी धूप के प्रभाव से हवाएं भी गर्म महसूस हुई। दोपहर 2 बजे अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। शाम ढलने के बाद लोगों को तीखी धूप से राहत मिली। दिन की गर्मी ने रात के न्यूनतम तापमान को भी प्रभावित किया। रात में पारा लुढ़का, पर वह 26 डिग्री सेल्सियस के नीचे नहीं जा सका।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गर्मी के तेवर इसी तरह तीखे रहने की बात कही है। विभाग ने कहा कि झारखंड का आसमान साफ हो गया है। सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर आ रही है। जिससे धूप तीखी हो रही है और पारा चढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 20 अप्रैल के बाद एकबार मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जतायी है। विभाग ने कहा है कि 21 अप्रैल के बादलों का छोटा समूह धनबाद के आसमान पर मंडरा सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो बारिश की स्थिति बन सकती है।