रेल सप्ताह में डीआरएम अवार्ड से सम्मानित किए गए 1017 कर्मी
रेलवे में आने वाले दिनों में नई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए उनसे निबटने के लिए हमें सामूहिक रूप से नई जिम्मेदारियों के साथ तैयार रहने की जरूरत है। उक्त बातें निवर्तमान मंडल रेल प्रबंधक मनोज कृष्ण अखौरी ने सोमवार को रांगाटांड़ स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित रेल सप्ताह के अवसर पर रेल कर्मियों को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि धनबाद रेल मंडल माल ढुलाई के लिए जाना जाता है। रेलवे की ओर से मिले लक्ष्य से अधिक माल ढुलाई कर धनबाद को एक बार फिर से नंबर दो पर लाया गया। यह सब अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से संभव हो पाया। दो नंबर से एक नंबर पर लाने का हमारा प्रयास होना चाहिए। यह तभी संभव हो पाएगा, जब हम टीम भावना के साथ प्रयास करेंगे।
कई विभागों के कर्मचारी हुए पुरस्कृत
रेलवे में बेहतर काम करने के लिए विभिन्न विभागों के 1017 रेल कर्मियों को डीआरएम की ओर से पुरस्कृत किया गया। इनमें कमर्शियल, इंजीनियरिंग, कार्मिक, स्वास्थ्य, कैरेज एंड वैगन सहित कई अन्य विभागों के कर्मी शामिल थे। रेल सप्ताह में भाग लेने के लिए बरकाकाना, चोपन, सिंगरौली, पाथरडीह, गोमों सहित मंडल के अन्य भागों से रेल कर्मी आए हुए थे। पुरस्कार वितरण समारोह के बाद रेल कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करने वालो में ईसीकेआरयू के अपर महासचिव डीके पांडेय, ओबीसी एसोसिएशन के अखिलेश कुमार गुप्ता और एसटीएससी एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल थे। रेल सप्ताह समारोह में सीनियर डीसीएम आशीष कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
रांगाटांड़ स्थित सामुदायिक भवन में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं कलाकार।