आईआईटी हॉस्टल के खाने में निकला कीड़ा, हंगामा
धनबाद | आईआईटी आईएसएम, धनबाद के हॉस्टल के मेस के खाने में सोमवार रात को कीड़ा निकला। इस कारण खाना कई स्टूडेंट्स के गले भी नहीं उतरा और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। कीड़ा जैसपर हॉस्टल के फर्स्ट फ्लोर के मेस के खाने में एक छात्र की थाली में मिला था। इस मेस में एमटेक और पीएचडी स्कॉलर खाना खाते हैं। स्टूडेंट्स ने बताया कि जैसपर की हॉस्टल की मेस में हमेशा से शिकायत रही है। कभी कीड़े निकलते हैं तो कभी कंकड़। पांच सालों से यह सिलसिला चल रहा है। शिकायत भी की है, लेकिन खाने की क्वालिटी में कोई सुधार नहीं किया जा रहा है। मजबूरी में हमलोगों को बाहर का खाना खाना पड़ता है। जब बाहर खाना नहीं मिलता है तब फास्ट फूड से काम चलाना पड़ता है। इस हॉस्टल में फर्स्ट इयर के स्टूडेंट्स हैं, लेकिन उनकी शिकायत अनसुनी कर दी जाती है। स्टूडें दो-तीन वर्षों से मेस की कंपनी बदलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन कड़ा निर्णय नहीं लेता है।