जामताड़ा : ट्रक-टाटा मैजिक में टक्कर, चार की मौत
सिटी रिपोर्टर | जामताड़ा/ पबिया
जामताड़ा में सड़क दुर्घटना में दो किशोर सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, धनबाद रेफर कर दिया गया, लेकिन उनमें से एक की रास्ते में ही मौत हो गई। 10 घायलों का इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़ कर भाग निकला। इससे गुस्साए आसपास के लोगों ने जामताड़ा- नारायणपुर सड़क जाम कर विरोध जताया। गुस्साए लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने के साथ ही घटनास्थल पर किसी प्रशासनिक अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे।दुर्घटना सोमवार साम साढ़े चार बजे जामताड़ा- नारायणपुर एडीबी मुख्य सड़क पर पबिया केंदुआटांड़ के निकट केसीपीएल कैंप के पास हुई। बताया जाता है कि टाटा मैजिक वाहन पर 15 से अधिक मजदूर सवार हो नारायणपुर के खरकोकुंडी मोहनपुर में मकान की ढलाई कर वापस पबिया लौट रहे थे। इस दौरान जामताड़ा से चावल लेकर नारायणपुर जा रहे ट्रक से टाटा मैजिक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए।