41 डिग्री सेल्सियस के तापमान में तपा धनबाद दो दिनों में और तीखी होगी धूप, ऊमस भी बढ़ेगी
तपने लगा धनबाद। बढ़ गया उमस। हवाएं भी होने लगी गर्म। धनबाद भीषण गर्मी के आगोश में आने वाला है। बुधवार को इसकी बानगी दिखी। सुबह में धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ वह तीखी हो गई। दिन के 11 बजते-बजते तीखी धूप की चुभन ने बेहाल कर दिया। हवाएं गर्म महसूस होने लगी। ऊमस बढ़ गई। खुले आसमान के नीचे रहना मुश्किल हो गया। दिन के 2 बजे धनबाद का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। धूप की चुभन शाम 4:30 बजे तक महसूस होती रही। शाम ढलने के बाद थोड़ी देर के लिए हवाएं तेज हुई, पर इन हवाओं ने मौसम का मिजाज नहीं बदला। दिन की गर्मी का प्रभाव रात के न्यूनतम तापमान पर दिखा। रात का न्यूनतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस के नीचे नहीं आ सका। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में गर्मी और बढ़ने की बात कही है। विभाग ने कहा है आसमान साफ है और धूप सीधे जमीन पर पहुंच रही है। धीरे-धीरे हवाएं गर्म हो रही हैं। जल्द ही लू के हालात बनेंगे। विभाग ने अगले तीन दिनों में धनबाद का अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान लगाया है।
सफर लंबा है, धूप तीखी... गाड़ी के नीचे ही ढूंढ़ ली छांव
तीखी धूप और गर्मी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लंबा सफर तय करने वाले ट्रक चालकों की परेशानी बढ़ गई है। दिन में नो इंट्री है। इसलिए रात होने का इंतजार है। दिन की तीखी धूप से बचने के लिए ट्रक चालक ने गाड़ी के नीचे ही जगह ढूंढ़ ली।