5 को हो सकता है आईआईटी धनबाद का दीक्षांत समारोह, पीएम होंगे शामिल
समारोह में सत्र 2015-16 और 2016-17 के बेस्ट रिसर्चर अवार्ड के लिए डॉ डीसी पाणिग्रही और डॉ धीरज कुमार को चुना गया है। उन्हें दोनों सत्रों के लिए अलग-अलग अवार्ड दिया जाएगा। यानी दोनों को दो-दो अवार्ड मिलेंगे। एसबीआई की ओर से दिया जानेवाला यह अवार्ड दोनों को अपने रिसर्च से जरिए सबसे अधिक फंड जेनरेट करने के लिए मिलेगा।
पीएमओ से फोन कर दिया गया 1 से 10 मई के बीच आयोजन की तैयारी का निर्देश
दो सत्रों के 3814 स्टूडेंट को दी जाएंगी डिग्रियां
एजुकेशन रिपोर्टर | धनबाद
आईआईटी धनबाद का 38वां दीक्षांत समारोह 5 मई को आयोजित हो सकता है। यह उम्मीद 5 मई को पीएम के झारखंड दौरे को देखते हुए की जा रही है। दरअसल, पीएमओ के अधिकारियों ने आईआईटी धनबाद के रजिस्ट्रार को फोन कर पूछा है कि क्या वे 1 से 10 मई के बीच दीक्षांत समारोह आयोजित करने के लिए तैयार हैं या नहीं। संस्थान की ओर से हां में जवाब दे दिया गया है। इसके साथ ही आयोजन की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। कैंपस की साफ-सफाई शुरू हो गई है। दीक्षांत समारोह के लिए बनाई गई विभिन्न कमेटियां अपने काम में जुट गई हैं। संस्थान के सीनेट ने पिछले दिनों सत्र 2015-16 और सत्र 2016-17 के 3814 छात्र-छात्राओं को डिग्री देने पर सहमति जता दी थी। इस प्रस्ताव को चेयरमैन ने भी स्वीकृति दे दी है। इसके बाद डिग्रियों की छपाई शुरू कर दी गई है। दीक्षांत समारोह पेनमेन ऑडिटोरियम में होगा। यह निर्णय पिछले दिनों निदेशक राजीव शेखर की शिक्षकों के साथ हुई बैठक में हुआ था।
डॉ पाणिग्रही, डॉ धीरज को बेस्ट रिसर्चर अवार्ड
सबसे अधिक पीएचडी कराने का अवार्ड डॉ गुरदीप और डॉ महेंद्र को
एलुमिनाई एसोसिएशन हर दीक्षांत समारोह में सबसे अधिक पीएचडी करानेवाले दो शिक्षकों को अवार्ड देता है। इस बार इन्वायर्नमेंटल साइंस के डॉ गुरदीप सिंह और अप्लाइड केमिस्ट्री के डॉ महेंद्र यादव का चयन दोनों सत्रों के लिए किया गया है। इन्हें भी दो-दो अवार्ड दिए जाएंगे।
डॉ इंद्र मोहन थापर अवार्ड के लिए इन डिपार्टमेंट का चयन
डॉ इंद्र मोहन थापर अवार्ड के लिए पांच डिपार्टमेंट के गाइड शिक्षकों और छात्रों का चयन किया गया है। ये विभाग हैं - इन्वायर्नमेंटल साइंस, माइनिंग इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, ह्यूमिनिटी एंड सोशल साइंस और एक अन्य विभाग।
वेबसाइट पर जारी होगा ड्रेस का नमूना
संस्थान प्रशासन ने समारोह में शामिल होने वाले स्टूडेंट के लिए ड्रेस कोड जारी कर दिया है। छात्र पायजामा और कुर्ता पहनेंगे। इनका रंग सफेद होगा। स्टूडेंट की सुविधा के लिए जल्द संस्थान की वेबसाइट पर ड्रेस का नमूना जारी किया जाएगा। साथ ही संस्थान की ओर से सभी को अंगवस्त्र यानी उत्तरीय दिया जाएगा। इस पर संस्थान का लोगो और नाम रहेगा।