शहर की हवा, जमीन, पानी को शुद्ध करने में मदद करेगा जापान
नगर निगम जापानी संस्था जापान इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एजेंसी (जाइका) की मदद से धनबाद को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाएगा। यहां की हवा, जमीन के साथ-साथ पानी को शुद्ध बनाने में संस्था तकनीकी और आर्थिक सहयोग करेगी। उसके प्रतिनिधि 23 या 24 अप्रैल को धनबाद आएंगे और स्थिति का आकलन करेंगे। यह कहना है मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल और नगर आयुक्त राजीव रंजन का। दोनों इंदौर में 9 से 12 अप्रैल तक “थ्री आर’ पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होकर शहर लौटे हैं। उन्होंने एलसी रोड स्थित निगम कार्यालय में शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि सम्मेलन का फोकस सॉलिड वेस्ट मैनजेमेंट पर था। पूरा विश्व “जीरो वेस्ट थ्योरी’ पर काम कर रहा है। दुनियाभर के 41 देशों के 106 नगर निकायों के प्रतिनिधियों ने इस विषय पर सम्मेलन में चर्चा की। इस विषय पर अगला सम्मेलन थाइलैंड में होगा।
पीट वाटर पर मेयर के प्रजेंटेशन को मिली सराहना
मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सम्मेलन के तीसरे दिन पीट वाटर पर प्रजेंटेशन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धनबाद नगर निगम एक ऐसा यूएलबी है, जहां की हवा, पानी और जमीन, तीनों प्रदूषित हैं। इसका तीन हिस्सा खदानों से घिरा है। उन्होंने बताया कि जलसंकट के मद्देनजर बंद खदानों के पानी (पीट वाटर) के इस्तेमाल की योजना बनाई गई है। खदानों में जमे पानी को प्लांट में शुद्ध कर घरों तक पहुंचाया जाएगा। मेयर ने कहा कि सम्मेलन में इस प्रोजेक्ट और डी सेंट्रलाइज सिस्टम को काफी सराहा गया। प्रजेंटेशन के बाद ही “जाइका’ सहयोग के लिए राजी हो गया। मेयर ने कहा कि 106 नगर निकायों में वे अकेले मेयर थे, जिन्हें बतौर स्पीकर मंच पर बुलाया गया।
जीरो वेस्ट का संकल्प पारित
सम्मेलन में चंद्रशेखर अग्रवाल समेत सभी मेयर ने “जीरो वेस्ट’ के संकल्प पर हस्ताक्षर किए। मेयर अग्रवाल ने बताया कि इसका अर्थ है - हर तरह के कचरे का निष्पादन। घरों से कचरे का उत्पादन कम-से-कम कैसे हो, इस पर पूरा विश्व मंथन कर रहा है।
निगम कार्यालय में मीडिया से रू-ब-रू नगर आयुक्त और मेयर।
चंडीगढ़ मॉडल को अपनाएगा धनबाद
नगर आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि सम्मेलन में चंडीगढ़ के मेयर ने वहां डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के मॉडल की जानकारी दी। उसी मॉडल को धनबाद में अपनाया जाएगा। वहां हर 250 घर पर तीन कर्मी हैं। उसी तर्ज पर धनबाद में 400 घरों पर तीन कर्मियों को कचरा कलेक्शन का जिम्मा सौंपा जाएगा। निगम उन्हें संसाधन उपलब्ध कराएगा और यूजर चार्ज से कर्मियों को भुगतान किया जाएगा।
चुनावों के बाद होगा इंटर सिटी कॉन्फ्रेंस
मेयर ने कहा कि थ्री आर सम्मेलन की तर्ज पर राज्य में इंटर सिटी कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। निकाय चुनावों के बाद इसका आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य अनुभव अर्जित करना है। राज्य के नगर निकायों में क्या काम हो रहा है, कैसी योजनाएं चल रही हैं, इस पर आपस में चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञों को भी सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।