तनाव में हैं जेल में बंद विधायक संजीव सिंह, बेचैनी की शिकायत
पूर्व डिप्टी मेयर और चचेरे भाई नीरज सिंह की हत्या मामले में धनबाद जेल में बंद झरिया विधायक संजीव सिंह इन दिनों तनाव और लगातार बेचैनी महसूस कर रहे हैं। इसकी शिकायत उन्होंने जेल के डॉक्टर से की थी। उन्होंने प्रारंभिक जांच भी की। फिर जेल प्रशासन ने धनबाद के सिविल सर्जन को पत्र लिखकर विशेषज्ञों से विधायक की जांच कराने का आग्रह किया था। सिविल सर्जन ने पीएमसीएच के डॉक्टरों की टीम गठित की, जिसने बुधवार को जेल जाकर विधायक के स्वास्थ्य की जांच की। उसके आधार पर उन्हें सुझाव दिए और कुछ दवाएं भी प्रिस्क्राइब कीं। सूत्रों के मुताबिक, विधायक संजीव ने जेल प्रशासन को बताया था कि रांची के होटवार जेल में बंद रहने के दौरान उन्हें लगातार बेचैनी और मानसिक तनाव की परेशानी हो रही थी। वहां भी डॉक्टरों ने जांच कर कई तरह की दवाएं दी थीं। कुछ दिन पहले उन्हें रांची से धनबाद जेल लाया गया और अब दवाएं खत्म हो गई हैं। उसके बाद से उनकी परेशानी फिर बढ़ गई है। विधायक ने नींद नहीं आने की भी शिकायत की थी। इसके बाद जेल प्रशासन के आग्रह पर विधायक के स्वास्थ्य जांच के लिए पीएमसीएच के मनोचिकित्सक डॉ संजय कुमार और मेडिसिन विभाग के एक डॉक्टर को भेजा गया।
एक साल से अधिक समय से जेल में हैं विधायक : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की तीन अन्य लोगों के साथ 21 मार्च 2017 को सरायढेला के स्टील गेट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में झरिया के विधायक संजीव सिंह को 11 अप्रैल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में सुरक्षा कारणों ने उन्हें रांची के होटवार जेल शिफ्ट किया गया था। हालांकि कोर्ट के आदेश के बाद 28 फरवरी को उन्हें फिर से धनबाद लाया गया था।