राज्य के विवि-कॉलेजों में अब चांसलर पोर्टल से दाखिले
धनबाद | राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की धनबाद जिला इकाई का पुनर्गठन किया गया है। जयकिशोर राय अध्यक्ष और विश्वनाथ चौरसिया संरक्षक बने हैं। राज्य प्रतिनिधि के रूप में राजेश चंद्र साहनी और राजेश पांडेय का चयन किया गया है। उपाध्यक्ष पद के लिए ईश्वर चंद्र दुबे, अंजनी वर्मा और मृत्युंजय कुमार का चयन किया गया है, जबकि संतोष कुमार झा, जयप्रकाश साह और चोहन राय मंत्री बने। महासंघ की जिला इकाई का बुधवार को पर्यवेक्षक प्रो अजीत कुमार की मौजूदगी में पुनर्गठन किया गया। साथ ही, ओम प्रकाश गुप्ता को कोषाध्यक्ष, प्रयाग सिंह चौधरी को आंतरिक अंकेक्षक, अभय कुमार सिंह को मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख और रमाकांत सिंह को संगठन मंत्री की जिम्मेवारी दी गई है।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राज कुमार मिस्त्री, दिलीप पांडेय, जन्मेजय दुबे और राज किशोर को शामिल किया गया है। मौके पर दशरथ मंडल, पशुपति नाथ यादव, निरंजन कुमार, पंकज कुमार आदि भी मौजूद थे।
आरएसपी, राजीव गांधी मे. टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के प्रशिक्षुओं का अभ्यास संपन्न
धनबाद | एसएसएलएनटी प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय में आरएसपी कॉलेज झरिया और राजीव गांधी मेमोरियल टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के प्रशिक्षुओं का शिक्षण अभ्यास बुधवार को संपन्न हुआ। समापन समारोह में प्रशिक्षु पूनम तिवारी और क्षमा कुमारी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। छात्राओं ने कई मनमोहक नृत्य भी प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य ललन प्रसाद, आरएसपी के बीएड विभागाध्यक्ष डॉ उपेंद्र कुमार सिंह, प्रो संतोष चौहान, प्रशिक्षु पूजा कुमारी, तरन्नुम, डिंपल, फरहा, प्रीति, सोनी, लक्ष्मी, अनिया, सुमन, खुशबू, टिंकू, रुखसाना मौजूद थे।
उत्क्रमित हाई स्कूलों के शिक्षकों का वेतन भुगतान जल्द होगा
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव ने दिया आश्वासन
एजुकेशन रिपोर्टर | धनबाद
उत्क्रमित उच्च विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मियों को जल्द वेतन मिलेगा। इसके लिए सभी जिलों को एलॉटमेंट उपलब्ध कराया जाएगा। यह आश्वासन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिया। गौरतलब है कि धनबाद जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों को नवंबर से ही वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
सचिव ने बैठक में यह भी कहा कि स्कूली बच्चों को नई पुस्तकें दी जानी हैं। इसके लिए जल्द जिला स्तर पर ई-टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाए। बच्चों से पुरानी पुस्तकें लेकर स्कूल में बुक बैंक बनाएं, ताकि जरूरत अनुसार उनका उपयोग हो सके। स्कूल मर्ज होने के बाद खाली हुए भवनों के उपयोग के लिए जल्द राज्य से दिशा-निर्देश भेजा जाएगा। किसी स्कूल के लिए भवन की जरूरत हो, तो सचिव ने इस संबंध में भी बताने को कहा।
उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट में कोई मामला लंबित है, तो उससे जुड़ी कार्रवाई जल्द पूरी करें। बैठक में धनबाद की डीईओ डॉ माधुरी कुमारी, डीएसई विनीत कुमार आदि शामिल हुए।
मर्ज हुए थे 177 स्कूल, अब तक शिफ्ट हुए 160
जिले के मर्ज किए गए 177 स्कूलों में से अब तक 160 की शिफ्टिंग हो चुकी है। निरसा में एक स्कूल ग्रामीणों के विरोध के कारण शिफ्ट नहीं हो पाया है। हालांकि वहां के शिक्षक दूसरे स्कूल में जा चुके हैं। वहीं झरिया के सात और तोपचांची के नौ स्कूलों की हाई स्कूल में शिफ्टिंग नहीं हो सकी है। जहां मर्जर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, वहां जल्द करने का निर्देश प्रधान सचिव ने दिया। गौरतलब है कि बाघमारा में 35, बलियापुर में 3, धनबाद में 14, गोविंदपुर में 15, झरिया में 15, झरिया में 25, निरसा में 8, तोपचांची में 38, टुंडी में 30 और पूर्वी टुंडी में 9 स्कूल मर्ज किए गए हैं।
बीबीएमकेयू के कॉलेजों की जानकारी अपलोड
चांसलर पोर्टल पर बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय और इसके सभी अंगीभूत कॉलेजों की जानकारी भी अपलोड कर दी गई है। कॉलेजाें के नाम, वहां उपलब्ध कोर्स आदि की जानकारी दी गई है। आने वाले दिनों में पोर्टल को और समृद्ध किया जाएगा। इनमें सीटों की संख्या, कोर्स फीस, फीस जमा करने के लिए गेटवे आदि की सुविधा शामिल हैं।
यह है चांसलर पोर्टल का वेब एड्रेस : www.jharkhanduniversities.nic.in
जानिए क्या है चांसलर पोर्टल : यह राज्यभर के सभी विश्वविद्यालयों और उसके कॉलेजों में नामांकन का जरिया है। इसके जरिए सिर्फ एक बार ऑनलाइन आवेदन कर स्टूडेंट आठ विवि, कॉलेज, काेर्स में दाखिले का विकल्प चुन सकते हैं। इसके लिए उन्हें सिर्फ 100 रुपए की फीस जमा करनी होगी।
इंटर, स्नातक के रिजल्ट के बाद शुरू होंगे दाखिले : झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी करने की संभावित तिथि 10 जून बताई है। विभावि के स्नातक सेमेस्टर पांच का रिजल्ट भी अभी नहीं आया है। इसलिए छठे तथा अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा और रिजल्ट आने में तीन-चार माह तो लगेंगे ही। इसलिए विभावि के स्टूडेंट के लिए पीजी दाखिले के आवेदन को अंतिम रूप देने में अभी काफी समय लगेगा।
शिक्षकों के केस निबटाने के लिए बना लीगल मॉनिटरिंग सेल
धनबाद | शिक्षक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अक्सर कोर्ट की शरण लेते हैं और ऐसे में विभाग से जुड़े मामलों की भरमार हो चुकी है। इसे देखते हुए स्कूली शिक्षा विभाग ने ऐसे मामलों के त्वरित निबटारे के लिए लीगल मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है। यह सेल अपर सचिव शैलेश कुमार चौरसिया की देखरेख में काम करेगा। इस सेल में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के एक-एक नोडल पदाधिकारी को रखा गया है। सेल की बैठक हर शुक्रवार को होगी। इससे सभी जिलों के डीईओ और डीएसई व्हाट्सएप्प/ई-मेल के जरिए जुड़े रहेंगे। किसी मामले में दो बार रिमाइंडर देने के बावजूद हाई कोर्ट में प्रतिशपथ पत्र ससमय नहीं देने पर संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। पांच रिमाइंडर के बावजूद प्रतिशपथ पत्र नहीं देने पर संबंधित डीईओ/डीएसई के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। हर महीने शनिवार/रविवार को ऐसे पदाधिकारियों से रिपोर्ट नहीं मिलने की समीक्षा की जाएगी। प्रधान सचिव एपी सिंह ने निर्देश दिया है कि डीईओ/डीएसई अपने शिक्षकों/कर्मियों से कहें कि वे सबसे पहले अपने प्रथम अपीलीय प्राधिकारी को रिपोर्ट करें। वहां मामले का निबटारा नहीं होने पर ही कोर्ट की शरण में जाएं।

धनबाद, गुरुवार, 17 मई , 2018