धनबाद | तेलीपाड़ा में मोबाइल दुकान में चोरी करते एक चोर गुरुवार को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। दुकान उमेश साव की है। एसएसपी मनोज रतन चोथे ने गुरुवार को अपने दफ्तर में इस बारे में बताया कि खबर मिलने पर थानेदार अशोक कुमार सिंह ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तेलीपाड़ा शिव मंदिर के पास रहने वाले राजू रवानी को गिरफ्तार कर लिया। वह दुकान की छत पर लगा टीन का चदरा तोड़कर अंदर घुसा था और एक-एक मोबाइल अपने साथियों के पास फेंकता गया। सुबह चाय दुकानदार ने मोबाइल दुकान में आवाज सुनी, तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने राजू को पकड़ लिया। चोरों के पास से 17 नए मोबाइल फोन, रिपेयरिंग के लिए आए 7 फोन, नकद 400 रुपए, चार्जर, बैट्री, डाटा केबल, इयर फोन मिले।