कर्नाटक के घटनाक्रम के मद्देनजर राज्यपाल के आचरण के खिलाफ रणधीर वर्मा चौक पर धरना देते कांग्रेस के नेता।
सिटी रिपोर्टर | धनबाद
कर्नाटक में कांग्रेस एवं जद (एस) को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किए जाने के खिलाफ शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना दिया और नारेबाजी की।
धरना में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल ने भाजपा को आमंत्रण देकर लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने राष्ट्रपति से राज्यपाल को बरखास्त करने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस-जद(एस) के पास पर्याप्त बहुमत होने के बाद भी राज्यपाल ने भाजपा को मौका दिया, जो संविधान के साथ मजाक है। धरना को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक और अजय कुमार दुबे ने कर्नाटक के राज्यपाल पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को सरकार बनाने का आमंत्रण देकर उन्होंने इसे साबित भी कर दिया है। धरना में संतोष सिंह, बीके सिंह, मदन महतो, नवीन कुमार सिंह, सुरेश चंद्र झा, महेन्द्र पांडेय, शमशेर आलम, मुख्तार खान, बैभव सिन्हा, योगेन्द्र सिंह योगी, सीता राणा, राजेश्वर सिंह यादव, मनोज यादव, हरेन्द्र शाही, नंदलाल पासवान, मनोज कुमार सिंह, राशिद रजा अंसारी आदि ने भी अपनी बात रखी।