धनबाद | साइबर अपराधियों ने बजाज फाइनांस के एक आईडी धारक को पता भी नहीं चलने दिया और उसकी आईडी पर दो मोबाइल की खरीदारी कर ली। बांसजोड़ा के रहने वाले शंकर तुरी ने शुक्रवार को इस संबंध में धनबाद और साइबर थानों, डीसी तथा बजाज फाइनांस कंपनी के मैनेजर से शिकायत की। साइबर थाने को उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आया था। दूसरी ओर से कहा गया कि वह फाइनांस कंपनी की ओर से बोल रहा है। उसने एकाउंट स्टेटमेंट की जानकारी दी और बताया कि 22,990 और 10,999 रुपए के दो मोबाइल फाेन की खरीदारी उनकी आईडी से की गई है। कहा कि तीन किस्तों में मोबाइल फोन की कीमत का भुगतान करना होगा। सुनते ही शंकर के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत कंपनी के कार्यालय में शिकायत की। शंकर ने कहा कि वह दैनिक मजदूर है और वेतन में सिर्फ 8 हजार रुपए मिलते हैं।