धनबाद | बारामुड़ी में स्थित जेके इंटरनेशनल स्कूल से एक लाख रुपए, 32 इंच का एलईडी टीवी और एसएमपीएस की चोरी हो गई। वारदात गुरुवार दोपहर 12 बजे के बाद की है, जब स्कूल बंद हो गया था और कमरों में ताले लगे हुए थे। 9वीं और 10वीं क्लास के बच्चों के लिए स्कूल में एक्सट्रा क्लास 12 बजे तक चलती हैं। उसके बाद स्कूल बंद हो जाता है। शुक्रवार को चपरासी बहादुर ने जब स्कूल खोला, तब चोरी का पता चला। ऑफिस में रखे लॉकर को प्रिंसिपल के कमरे में ले जाकर तोड़ दिया गया था। उसमें रखे करीब 1 लाख रुपए गायब हैं। चोरों ने सीसीटीवी के 32 इंच के एलईटी मॉनिटर और एसएमपीएस को भी चुरा लिया। प्रिंसिपल एमएम अरोड़ा ने धनबाद थाने में चोरी की शिकायत की है। इसके बाद पुलिस ने स्कूल पहुंचकर पड़ताल की। इसमें पता चला कि गुरुवार को दोपहर 12:03 बजे के बाद से सीसीटीवी कैमरा बंद मिला, जबकि उसके पहले के 24 घंटे का फुटेज मौजूद है। पुलिस को स्कूल के कुछ लोगों पर संदेह है। उनसे शनिवार को पूछताछ की जाएगी।