जिप अध्यक्ष रोबिन गोराईं से मिलने पहुंचे चैंबर प्रतिनिधि, दुकानदार।
सिटी रिपोर्टर | धनबाद
सड़क चौड़ीकरण के लिए बरटांड़ बस स्टैंड के पास से हटाए गए 11 दुकानदारों को पूजा टॉकीज के पास दुकानें दी जाएंगी। जिला परिषद तीन माह में दुकानें बनवाकर उन्हें देगी। यह आश्वासन शुक्रवार को जिला परिषद अध्यक्ष रोबिन गोराई ने दुकानदारों को दिया। दुकानदार जिप अध्यक्ष के बुलावे पर उनके कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला चैंबर अध्यक्ष राजेश गुप्ता के नेतृत्व में जिप अध्यक्ष से मुलाकात की। राजेश ने बताया कि जिप अध्यक्ष ने प्रस्ताव तैयार करने की बात कही। यह भी कहा कि जून में होनेवाली बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास कराकर तीन माह में दुकानें आवंटित करवा देंगे। गौरतलब है कि पिछले दिनों सड़क चौड़ी करने के लिए बरटांड़ के पास जिला परिषद की 11 दुकानें तोड़ दी गई थीं। इसके लिए सड़क निर्माण विभाग ने जिला परिषद को मुआवजा भी दिया गया है। चैंबर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने जिप अध्यक्ष और डीडीसी से जल्द विस्थापन और पुनर्वास नीति बनाने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी दुकानदारों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को हटाने से पहले उनका पुनर्वास होना जरूरी है।