विधि-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सोमवार को देवघर, गिरिडीह एवं हजारीबाग के एसडीएम धनबाद पहुंचे। तीनों ही अधिकारियों ने अपना-अपना कार्यभार संभाल लिया।
पंडाल, हेलीपैड बने...एसपीजी आज सुरक्षा घेरे में करेगा तैयारियों का टेस्ट
क्राइम रिपोर्टर|धनबाद
पंडाल... ओके। मंच... ओके...। सुरक्षा व्यवस्था... ओके। जिला प्रशासन ने सोमवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जहां तैयारी संतोष जनक लगी, वहां ओके कहा। जहां तैयारी में कमी दिखी, उसे रात तक ठीक कर लेने की बात कही गई। जिला प्रशासन की तमाम तैयारियों की जांच अब एसपीजी करेगी। मंगलवार को सुबह 6:30 बजे एसपीजी की टीम धनबाद पहुंच कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था को हैंडओवर ले लेगी। हैंडओवर लेते ही एसपीजी की टीम अब तक की प्रशासनिक तैयारियों को अपनी सुरक्षा की कसौटी पर परखेगी। एसपीजी की कुल संख्या 27 हैं। जो पीएम की सुरक्षा की निगरानी करेगी। पीएम की सुरक्षा के लिए कहां पर क्या व्यवस्था होनी चाहिए... इसका ध्यान रखते हुए एसपीजी निर्देश देगी। प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार के सचिव स्तर के कई अधिकारी भी मंगलवार को पीएम के कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने आएंगे। इधर, रांची मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए 6 आईपीएस, 35 डीएसपी और 50 इंस्पेक्टर की नियुक्ति धनबाद में की है। उक्त अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की निगरानी में लगाया जाएगा।
अग्नि सुरक्षा पर विशेष ध्यान
अग्नि सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। पंडाल के अंदर 125 फायर सेफ्टी किट लगाए जाएंगे। वहीं, कार्यक्रम स्थल के बाहर दर्जनों की संख्या में फायर बिग्रेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी।
पीएम के स्वागत में बनेंगे 250 तोरणद्वार आज से भाजपाई करेंगे नुक्कड़ सभाएं
प्रखंड और मंडल स्तर पर बैठकों के बाद आमजनों को सभा में आने का निमंत्रण देने के लिए भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि नुक्कड़ सभा करेंगे और लोगों से काफी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करेंगे। सभा को सांसद, मेयर, विधायक समेत प्रदेश और जिले के पदाधिकारी शामिल होंगे। सोमवार को सांसद पशुपति नाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। सांसद ने कहा कि यह हम सभी के लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री इतनी बड़ी सौगात देने धनबाद आ रहे हैं। काफी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
पोस्टर, बैनर लगेंेगे... प्रधानमंत्री और आमजनों के स्वागत के लिए पूरे जिले में 250 से अधिक तोरणद्वार बनाए जाएंगे। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया बैनर, पोस्टर के साथ होर्डिंग व कटआउट भी लगाया जाएगा। बैठक में मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, विधायक राज सिन्हा, फूलचंद मंडल, जेपी सिंह व रामप्रसाद महतो मौजूद थे।
10 हजार महिलाएं आएंगी... प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दस हजार महिलाएं शामिल होंगी। सोमवार को जिला कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा की हुई बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। महिलाओं को बलियापुर चलने का आह्वान किया। बैठक को आशा पांडेय, कविता बर्णवाल, उषा झा, किरण सिंह ने भी संबोधित किया।
प्रधामंत्री के लिए चाक-चौबंद हुई चिकित्सा व्यवस्था
चिकित्सा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रांची से कार्डियक एंबुलेंस आएगी। इस एंबुलेंस में ह्रदय रोग विशेषज्ञ, पारा चिकित्सा कर्मी व आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों की व्यवस्था की जा रही है। दूसरी एंबुलेंस में विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में पीएमसीएच मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ संजय कुमार सिन्हा, सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. एके वर्णवाल, हड्डी रोग विभाग के एचओडी डॉ. डीपी भूषण, एनेस्थेसिया विभाग के एचओडी डॉ. के विश्वास मौजूद रहेंगे। सभा स्थल बलियापुर में मोबाइल मेडिकल वैन का इंतजाम किया गया है। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोड़ापोखर के डॉ. दिलीप ठाकुर मौजूद रहेंगे। सभा स्थल पर रेड क्रॉस सोसाइटी का दो एंबुलेंस, अशर्फी अस्पताल व प्रगति नर्सिंग होम का एक-एक एंबुलेंस मौजूद रहेगी। इसके अतिरिक्त सभा स्थल पर दस चिकित्सक व 19 पारा मेडिकल कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है। जहां एंबुलेंस नहीं है, ऐसा नौ स्थल चिह्नित किया गया है। वहां दो-दो की संख्या में कुल 18 पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पंडाल में एनाउंसमेंट की व्यवस्था
बलियापुर चौक व आसपास 100 मीटर रेंज में ठेला, टेम्पो एवं अन्य वाहनों के खड़ा करने पर रोक रहेगा। पंडाल से एनाउंसमेंट भी की जाएगी। दंडाधिकारी बस को स्थल तक ले जाएंगे।
इधर, कांग्रेस ने पीएम से मांगे 7 सवालों के जवाब, कहा
कब चालू होगा सिंदरी कारखाना, बताकर जाएं
25 मई को बलियापुर में जनसभा को संबोधित करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कांग्रेस ने सात सवालों के जवाब मांगे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह और नगर अध्यक्ष बैभव सिन्हा ने सोमवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री खाद कारखाने का शिलान्यास करने आ रहे हैं। वे शिलान्यास के साथ यह भी घोषणा करते जाएं कि यह कारखाना कब तक चालू होगा? दोनों नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री धनबाद आ रहे हैं, इसका हम भी स्वागत करते हैं। वे देश के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन उनके आगमन को लेकर जिस तरह हाय तौबा मचा हुआ है, वह समझ से परे है। सीओ और बीडीओ को भीड़ जुटाने का टारगेट दिया गया है। जनता जानना चाह रही है कि लोगों को लाने और ले जाने में जो राशि खर्च हो रही है, उसका भुगतान कैसे हो रहा है? क्या यह भुगतान एटीएम, चेक या क्रेडिट कार्ड से किया जा रहा है?
मांगे इन सवालों के जवाब...
1. किसके दबाव में बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए धनबाद की 26 ट्रेनों को बंद किया गया?
2. डीजीएम की जांच रिपोर्ट को अब तक क्यों नहीं सार्वजनिक किया गया?
3. धनबाद को एयरपोर्ट कब तक मिलेगा? अब तक केवल घोषणा ही हुई है?
4. जाम की समस्या के समाधान के लिए फ्लाई ओवर की मांग कब पूरी होगी?
5. सर्किट हाउस की मरम्मत बिना टेंडर के ही कराई गई, क्या यह भ्रष्टाचार नहीं है?
6. बुलेट प्रूफ पंडाल पर लाखों खर्च किए जा रहे हैं, क्या उन्हें विधि- व्यवस्था पर भरोसा नहीं है?
काले वस्त्र पहन कर जाएंगे
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष बैभव सिन्हा ने कहा कि सूचना है की प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में काला वस्त्र पहन कर जाने वाले को सभा स्थल तक नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में वे काला वस्त्र पहन कर ही जाएंगे।
हर सड़क पर होगी बैरिकेडिंग
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के लिए कार्यक्रम स्थल पहुंचने वाले सभी रोड पर सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। सड़क पर बैरिकेडिंग की जाएगी। वाहनों की जांच की जाएगी।