धनबाद | संदीप हत्याकांड की पड़ताल के दौरान केंदुआडीह पुलिस संदेह के आधार पर धनसार के एक युवक को उठाकर पूछताछ कर रही है। हालांकि अब तक उससे कोई खास जानकारी नहीं हासिल कर सकी है। पुलिस हत्या की वजह भी नहीं जान सकी है। उसने रविवार को मृतक के परिजनों से बयान लिया, लेकिन उससे भी कोई सुराग नहीं मिला। हत्या के बाद सांसद के भतीजे पर इल्जाम लगानेवाला संदीप का बड़ा भाई भी अपने बयान से मुकर गया। संदीप की शुक्रवार को मटकुरिया की काली बस्ती में हत्या कर दी गई थी। पुलिस डीजल चोरी करने वाले गिरोह के बारे में भी छानबीन कर रही है। उसे मिली जानकारी के मुताबिक, सूरज के भाई मुकेश और मनोज के भाई घोंचा का डीजल चोरी के काले धंधे पर कब्जा है और संदीप भी इसमें पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। इससे मुकेश और घोंचा से उसका विवाद चल रहा था। दूसरी बात यह भी सामने आ रही है कि संदीप डीजल चोरी का विरोध करता था। पुलिस इस कोण पर भी जांच कर रही है।