91 कर्मियों को मिला मतगणना का प्रशिक्षण
धनबाद | नगर निकाय चुनाव 2018 को लेकर शुक्रवार को न्यू टाउन हॉल में प्रथम चरण के मतगणना प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें कुल 91 मतगणना कर्मी उपस्थित हुए, जिन्हें मतगणना की हर बारीकी से अवगत कराया गया। निर्वाची पदाधिकारी शशि प्रकाश झा ने कहा कि चिरकुंडा नगर परिषद के सभी 21 वार्ड और धनबाद नगर निगम के दो वार्डों में सोमवार को मतदान के बाद 20 अप्रैल को मतगणना होनी है। मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर के दो हॉल में होगी। मतगणना में लगभग 104 कर्मी लगाए गए हैं। मतगणना के लिए प्रशिक्षण कोषांग में डीईओ, डीएसई समेत 22 शिक्षक सह मास्टर ट्रेनर प्रतिनियुक्त किये गए हैं। प्रशिक्षण कोषांग की प्रभारी डीईओ डॉ माधुरी कुमारी ने कहा कि आप सभी प्रायोगिक कार्य समझ लें, ताकि मतगणना के दिन परेशानी ना हो। मास्टर ट्रेनर दिलीप कुमार कर्ण ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन से मतगणना के हर बिंदु को समझाया। इस दौरान मतगणना केंद्र के अंदर के दृश्य को भी एक वीडियो के माध्यम से समझाया गया।
16 को बंद रहेंगे सभी कॉलेज : चुनाव को लेकर सोमवार (16 अप्रैल) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसको लेकर बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद समेत जिले के सभी कॉलेज बंद रहेंगे। संबंधित चुनाव क्षेत्रों चिरकुंडा नगर परिषद और धनबाद नगर निगम के वार्ड 31 और 40 में पड़ने वाले सरकारी स्कूल भी बंद रहेंगे।