आज थमेगा चुनाव प्रचार का शोर, कल से होगा सिर्फ डोर-टू-डोर जनसंपर्क
धनबाद | चिरकुंडा नगर परिषद के चुनाव और नगर निगम के दो वार्डों में उपचुनाव क प्रचार का शोर शनिवार की शाम थम जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार प्रचार वाहन या लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। हालांकि डोर-टू-डोर जनसंपर्क के जरिए वे मतदाताओं से समर्थन की अपील कर सकेंगे। रविवार को मतदाताओं के घर वोटर लिस्ट और पर्ची पहुंचाने का काम किया जाएगा। जिला प्रशासन ने भी चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पोलिंग पार्टियों को रविवार को बूथों के लिए रवाना किया जाएगा। धनबाद के दो वार्डों और चिरकुंडा में 16 अप्रैल को मतदान होगा।
मैदान में 149 उम्मीदवार : धनबाद के दो वार्डों और चिरकुंडा नगर परिषद के चुनाव में कुल 149 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। चिरकुंडा में अध्यक्ष पद की दौड़ में 7 और उपाध्यक्ष बनने की रेस में 14 उम्मीदवार शामिल हैं। चिरकुंडा में 21 वार्ड पार्षदों के लिए 111 दावेदार हैं। इनमें 49 महिलाएं शामिल हैं। वार्ड संख्या 2, 4, 5, 7, 8, 10, 12 और 15 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में कोई महिला नहीं है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक महिला उम्मीदवार है। नगर निगम के वार्ड 31 और 40 में कुल 16 दावेदार हैं। तमाम उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 71846 मतदाता करेंगे। चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में जहां 34678 वोटर हैं, वहीं वार्ड 32 में 20707 और वार्ड 40 में 16461 मतदाता हैं।