खर्चों में कटौती कर कंपनी को घाटे से उबारें : सीएमडी
बीसीसीएल के सीएमडी अजय कुमार सिंह ने कंपनी को घाटे से उबारने के लिए गैर जरूरी खर्चों में कटौती करने का निर्देश अधिकारियों और कर्मियों को दिया है। कंपनी के मुख्यालय कोयला भवन में शुक्रवार को केंद्रीय सलाहकार समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि मार्च में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में कंपनी लक्ष्य नहीं हासिल कर सकी। अब नए वित्त वर्ष में हमें कड़ी मेहनत और ईमानदारी के साथ मिलकर काम करना होगा। तभी हम लक्ष्य हासिल कर सकेंगे और कंपनी को घाटे से उबार सकेंगे। कोयले के उत्पादन में गुणवत्ता और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना होगा।
बैठक में डीटी देवल गंगोपाध्याय, डीएफ केएस राजशेखर, डीपी आरएस महापात्रा, जीएम (समन्वय) केशव गुप्ता, जीएम (कार्मिक) उत्तम आईएच, महाप्रबंधक (कल्याण) ए स्वाई, सीएमएस एसके चक्रवर्ती, सेंट्रल हॉस्पिटल के सीएमएस एस गोलास, महाप्रबंधक (सिविल) एके सिन्हा, सीएमडी के तकनीकी सचिव एसके राय, डीपी के तकनीकी सचिव एसके सिंह, श्रमिक यूनियनों के अर्जुन सिंह, केडी पांडेय, सुभाष सिंह, पीएन दूबे, आर तिवारी आदि शामिल हुए।