सिंदरी|सिंदरी में बनने वाले नए उर्वरक संयंत्र हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड का शिलान्यास देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 25 मई को करेंगे। इस मुद्दे को लेकर सिंदरी स्थित सांसद आवासीय कार्यालय रोहरबांध में सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता युवा मोर्चा की सभी मंडलों के प्रभारियों की बैठक रविवार को हुई। बैठक में मुख्य रूप से भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमलेश सिंह, महामंत्री तमाल राय, उपाध्यक्ष सह सिंदरी विधानसभा प्रभारी हरिशंकर साव उपस्थित थे। बैठक की शुरुआत पंडित दीन दयाल उपाध्याय और श्याम प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप जलाकर की गई। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में युवा मोर्चा की दमदार भागीदारी पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। जिलाध्यक्ष अमलेश सिंह ने कहा कि सिंदरी में उर्वरक कारखाना लगने से सिंदरी के साथ धनबाद एवं पूरे राज्य को लाभ मिलेगा। प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से हजारों बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। यह बहुत बड़ी खुशी और गर्व की बात है कि सिंदरी क्षेत्र की धरती पर पहुंच कर देश के ओजस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उर्वरक कारखाना का शिलान्यास करेंगे। एक नए इतिहास की रचना करेंगे। बैठक की अध्यक्षता राजेश चौधरी ने की। मौके पर तमाल राय, अमित सिंह, नगर अध्यक्ष विजय सिंह, शैलेश सिंह, अरविंद खत्री, मनोज मिश्रा, रंजना शर्मा, पूनम पंडित, अभिषेक वाजपेयी आदि थे।