धनबाद|वॉलीबॉल संघ एवं कोचिंग सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 17वीं ग्रीष्मकालीन विद्यालय वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ रविवार को हीरापुर स्थित वॉलीबॉल कोचिंग कैंप में हुआ। प्रशिक्षण शिविर में जिले के 22 स्कूलों से 150 खिलाड़ी शामिल हुए। शिविर के पहले दिन खिलाड़ियों को डिफेंस, स्मैशिंग, बॉल को लिफ्ट करना, स्किल ट्रेनिंग के साथ फिजिकल वर्क आउट की ट्रेनिंग दी गई। इसके अलावा खिलाड़ियों को अत्याधुनिक तकनीकों के बारे में बताया गया। सचिव सूरज प्रकाश लाल ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को शिविर के समाप्ति के बाद प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे पूर्व शिविर का उद्घाटन प्रो आरपी सिंह एवं प्रो हिमांशु सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया।