पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

300 बेड का सदर अस्पताल भवन 22 मई को होगा हैंडओवर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोर्ट रोड स्थित सदर अस्पताल का नया भवन 22 मई को स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द कर दिया जाएगा। निर्माण एजेंसी (इंजीनियरिंग सेल) निर्माण कार्य तेजी से समाप्त करने में जुटी है। अस्पताल तक पहुंचने के लिए एप्रोच रोड बनाने का काम प्रारंभ कर दिया गया है। भवन में बिजली सप्लाई के लिए रविवार को ट्रांसफार्मर भी पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को ट्रांसफार्मर लगाने व बिजली कनेक्शन करने का काम प्रारंभ किया जाएगा। प्राक्कलन समिति में शामिल धनबाद विधायक राज सिन्हा ने बताया कि निर्माण एजेंसी ने भवन हैंडओवर करने के बाद 04 जून को निर्धारित बैठक में निर्माण लागत संबंधित ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा है।

अस्पताल के लिए पहुंचा ट्रांसफार्मर, बनने लगा एप्रोच रोड, जल्द अस्पताल खुलने की संभावना बढ़ी

कोर्ट रोड मे सदर अस्पताल।

300 बेड का होगा अस्पताल

सदर अस्पताल तीन सौ बेड का होगा। पूर्व में 100 बेड का अस्पताल बनाने की योजना थी। इसका विस्तार करते हुए राज्य सरकार ने तीन सौ बेड का अस्पताल बनाने की योजना काे मंजूरी दी। इसके बाद निर्माण एजेंसी को भवन के विस्तार की जिम्मेवारी सौंपी गई। भवन छह माह से बनकर तैयार है, लेकिन विभिन्न कारणों से भवन अबतक स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर नहीं हो पाया है।

2008 में पड़ी थी नींव

सदर अस्पताल की नींव झारखंड के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री भानू प्रताप शाही ने वर्ष 2008 में रखी थी। तब 4 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण की योजना थी। वर्ष 2016 में राज्य सरकार की ओर से अस्पताल को सौ की जगह 300 बेड वाला अस्पताल बनाने की योजना को मंजूरी दी गई और लागत राशि को बढ़ाकर लगभग 10 करोड़ रुपए किया गया।

यह होगा लाभ : समाप्त होगी पीएमसीएच पर निर्भरता

10 वर्षों से सदर अस्पताल बंद रहने के कारण मामूली बीमारी व दुर्घटना के बाद मरीजों को इलाज के लिए पीएमसीएच जाना पड़ता है। सदर अस्पताल चालू नहीं रहने के कारण पीएमसीएच पर मरीजों का दबाव भी अधिक है। आंकड़े बताते हैं कि पीएमसीएच के ओपीडी में रोज लगभग दो हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इलाज के लिए पूर्ण रूप से पीएमसीएच पर निर्भर हैं।

जल्द शुरू किया जाएगा काम

निर्माण एजेंसी की ओर से मंगलवार तक भवन हैंडओवर करने की बात कही गई है। भवन हैंडओवर करने से पहले एजेंसी द्वारा एप्रोच रोड व बिजली सप्लाई के लिए ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। डॉ आशा एक्का, सिविल सर्जन धनबाद।

खबरें और भी हैं...