पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Dhanbad
  • हाउसिंग कॉलोनी के अवैध कब्जा वाले भवन में खोल दिया गया कांग्रेस का जिला कार्यालय

हाउसिंग कॉलोनी के अवैध कब्जा वाले भवन में खोल दिया गया कांग्रेस का जिला कार्यालय

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कब्जा अवैध और निर्माण भी अवैध...। हाउसिंग कॉलोनी में एक ऐसे फ्लैट में कांग्रेस को दफ्तर गिफ्ट किया गया, जिसे आवास बोर्ड अवैध मान तोड़ना चाहता था। जिसे तोड़ने के बाबत आवास बोर्ड ने नोटिस जारी कर रखा है। कांग्रेस के दफ्तर में बदले एलआईजी वन फ्लैट का विवाद पुराना है। कांग्रेस ने अपना कार्यालय खोल इस विवाद को नया रंग दे दिया है। आवास बोर्ड के दस्तावेज के अनुसार एलआईजी वन कन्हैयालाल अग्रवाल के नाम से आवंटित है। बोर्ड का कहना है कि इस फ्लैट का पट्टा 17 जनवरी 2013 को समाप्त हो गया था। कन्हैयालाल ने पट्टा समाप्त होने के बाद भी इस पर कब्जा जारी रखा। बोर्ड ने इसे लेकर 28 मार्च और 7 मई 2018 को कन्हैयालाल अग्रवाल को 27050 रुपए का जुर्माना नोटिस भेजा। बोर्ड के अनुसार इस नोटिस का उन्हें जवाब नहीं मिला। 15 मई 2018 को इसी कब्जे वाली फ्लैट में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के हाथों कांग्रेस का जिला कार्यालय खोलवा दिया गया। बोर्ड ने कहा कि कांग्रेस का कार्यालय भवन बना कर इस फ्लैट पर अवैध कब्जे की नई रणनीति बनाई गई है। आवास बोर्ड प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने कहा है कि कार्रवाई की जाएगी।

बड़ा सवाल: अवैध कब्जे वाली फ्लैट में यह कैसा मंदिर?

रवि चौधरी ने कहा था: जिला कांग्रेस को हमने कार्यालय नहीं, एक मंदिर दिया है

15 मई 2018... स्थान हाउसिंग कॉलोनी स्थित एलआईजी वन फ्लैट...। मौका था, इस फ्लैट में कांग्रेस का जिला कार्यालय खुलने का। इस कार्यालय के दाता रवि चौधरी ने इस मौके पर कहा था... जिला कांग्रेस को हमने कार्यालय नहीं, एक मंदिर दिया है।

अतिरिक्त निर्माण पर भी उठ रहे हैं सवाल?

1. कांग्रेस कार्यालय के इसी भवन पर विवाद है। 2. कार्यालय का उद्घाटन करते प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार।

सीधी बात

आपने दफ्तर बनाए गए एलआईजी वन फ्लैट खरीदी है?

-हां, इस फ्लैट को मैंने कन्हैया लाल अग्रवाल से पावर ऑफ अटार्नी के तहत खरीदा है।

आवास बोर्ड तो एलआईजी वन पर कब्जा बता रहा है। तो क्या आपने कब्जा किया है?

-ऐसा नहीं हो सकता। मैंने इसे खरीदा है और इसके कागजात मेरे पास है। आ कर देख लें। बोर्ड गलत कह रहा है।

आपने इसमें पार्टी का कार्यालय खुलवा दिया। जबकि बोर्ड इसे खाली करने का नोटिस दे रहा है।

-मैंने इस फ्लैट में कार्यालय जरूर खुलवाया है। नोटिस की जानकारी नहीं है।

आपने अवैध निर्माण कर कार्यालय का नाम दे दिया। यह कहां तक सही है?

-अवैध निर्माण है तो जब सभी को टूटेगा, यह भी टूट जाएगा। यूं ही अस्थायी तौर पर बना दिया है।

हमारे अलावा बहुत लोगों ने अवैध निर्माण कराया है, सबका टूटेगा तो मेरा भी टूटेगा : रवि चौधरी

झारखंड राज्य आवास बोर्ड धनबाद प्रमंडल के अधिकारियों के अनुसार पहले ही एलआईजी वन फ्लैट पर अवैध कब्जा है। कांग्रेस दफ्तर बनाने के लिए बोर्ड की जमीन पर अवैध निर्माण भी कराया गया। जिला कांग्रेस कार्यालय निर्माण के लिए कन्हैया अग्रवाल द्वारा आवास बोर्ड से कोई अनुमति नहीं ली गई हैं। अवैध निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

आवास बोर्ड द्वारा जारी नोटिस।

आवास बोर्ड का दावा : फ्लैट में अवैध कब्जा, निर्माण भी गलत, नोटिस दिया है

7 मई 2018... एलआईजी वन फ्लैट पर अवैध कब्जे को लेकर बोर्ड ने कन्हैयालाल अग्रवाल को नोटिस भेजा था। नोटिस में कहा था कि फ्लैट में उनका अवैध कब्जा है। जुर्माना के तौर पर 27050 रुपए जमा करें और अवैध कब्जा को हटाएं।

अवैध कब्जे से कांग्रेस कार्यालय खुलने तक के सफर के दो चेहरे

1. जिस पर अवैध कब्जा करने का है आरोप

कन्हैयालाल अग्रवाल...।
इसी व्यक्ति के नाम पर एलआईजी वन फ्लैट का आवंटन है। बोर्ड की नजर में कन्हैयालाल ही फ्लैट के अवैध कब्जाधारी हैं। इन्हें बोर्ड नोटिस भेज रही है। इनके खिलाफ ही कार्रवाई की बात कही जा रही है।

2. जिसने इसे गिफ्ट देकर कार्यालय खुलवाया

केके पॉलिटेक्निक के चेयरमैन सह कांग्रेस नेता रवि चौधरी...।
रवि चौधरी के अनुसार उन्होंने इस इस फ्लैट को कन्हैया लाल अग्रवाल से पावर ऑफ अटार्नी के तहत खरीदा है। इस फ्लैट को उन्होंने 15 मई को पार्टी की सदस्यता लेने के साथ ही बतौर गिफ्ट प्रदान किया।

खबरें और भी हैं...