मुनीडीह के 16 सीम से मिथेन गैस निकालने को लेकर सीएमपीडीआईएल की ओर से सौंपी गई फिजिब्लिटी रिपोर्ट पर 26 मई को कंपनी केे सीएमडी अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में होने वाली बोर्ड की बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कंपनी इस प्रोजेक्ट को आउट सोर्सिंग को देगी।
मिथेन गैस से बिजली का होगा उत्पादन
मिथेन गैस से बिजली का उत्पादन कर कंपनी अपने काम में लाएगी। बीसीसीएल डीवीसी से बिजली खरीदती है। मुनीडीह में उसका पावर ग्रिड है। मुनीडीह खदान से निकलने वाले मिथेन गैस को पावर ग्रिड में आपूर्ति कर बिजली उत्पादित किया जाएगा। उस बिजली का उपयोग कंपनी अपने हित में करेगी। इससे कंपनी को डीवीसी से बिजली के लिए कम कीमत चुकानी होगी।
60 करोड़ का होगा प्रोजेक्ट
मिथेन का प्रोजेक्ट बैठाने के लिए कंपनी ने 60 करोड़ का प्रारूप तैयार किया है। सीएमपीडीआईएल ने अपने फिजिब्लिटी रिपोर्ट में मिथेन गैस निकालने के लिए तकनीकी और वित्तीय संभावनाओं का उल्लेख किया है। रिपोर्ट में गैस निकालने के लिए उपकरणों की खरीदारी और उसके उपयोग को लेकर विस्तार से बताया गया है।