धनबाद|आवास की समस्या को लेकर भूली के लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब तक बीसीसीएल प्रबंधन के रवैये से नाराज चल रहे लोग समस्या का समाधान नहीं होने के लिए जनप्रतिनिधियों को जिम्मेवार मान रहे हैं। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधियों ने कभी भी भूली की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। चुनाव का समय आते ही वोट लेने के लिए सक्रिय हो जाते हैं। कोरा आश्वासन देकर लोगों को बरगला कर अपना स्वार्थ साधते हैं और चुनाव जीतने के बाद फिर कभी हमारी सुध लेने के लिए नहीं आते। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। भूली की जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली है।
भूली के लोगों का जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भड़का आक्रोश
मतदान का होगा बहिष्कार : ब्रिजेन्द्र
ई ब्लाक में रह रहे ब्रिजेश कुमार जनप्रतिनिधियों के उपेक्षापूर्ण रवैये से काफी आक्रोशित हैं।कहते हैं कि भूली की समस्या के लिए बीसीसीएल प्रबंधन से अधिक जिम्मेवार यहां के जनप्रतिनिधि हैं। चुनाव में भदैया बेंग की तरह निकल आते हैं। इस बार वोट का बहिष्कार करेंगे।
लीज ही समस्या का समाधान: मुन्ना
मुन्ना पांडेय का मानना है कि भूली की समस्या का एकमात्र समाधान आवासों को लीज पर देना है। उनका कहना है कि भूली के आवासों में रह रहे लोग किराया , बिजली और पानी का पैसा देना चाहते हैं। मुफ्त में कोई नहीं रहना चाहता।
आवास में रह रहे लोगों के नाम आवंटित करे: नौशाद
भाजपा, कांग्रेस दोनों जिम्मेवार : रवि
रवि भूषण सिंह का मानना है कि भूली की समस्या के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों सामान रूप से जिम्मेवार हंै। पिछले दो चुनावों के दौरान कांग्रेस के तत्कालीन कोयला मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल ने मन्नान मल्लिक को और भाजपा के गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज सिन्हा को जिताने का आग्रह किया था।
अब उजाड़ने की हो रही है कोशिश: कैलाश
कैलाश यादव का कहना है कि पचास के दशक में लोगों को बुलाकर बसाया गया। प्राइवेट,रेलवे , राज्य सरकार से लेकर व्यवसायियों को दुकान खोलने के लिए रखा गया। अब उजाड़ने का काम किया जा रहा है। कंपनी का कोई स्पष्ट नीति नहीं है।
डी ब्लाक में रह रहे नौशाद खान बीसीसीएल से आवास आवंटित करने की मांग कर रहे हैं। कहते हैं,सालों से रह रहे लोग आखिर कहां जाएंगे। कंपनी को ही कोई रास्ता निकालना होगा। यहां रह रहे लोग मुफ्त में नहीं बल्कि किराया देकर रहना चाहते हैं। कंपनी उजाड़ने के बजाय बसाने का काम करे। सभी इसका स्वागत करेंगे।
जनप्रतिनिधि उठाए जिम्मेवारी: अशोक
पूर्व पार्षद अशोक यादव कहते हैं, भूली में रह रहे लोगों की समस्या के समाधान की जिम्मेवारी यहां के जनप्रतिनिधियों को लेनी होगी। तब बीसीसीएल नहीं थी। जनप्रतिनिधि जब तक गंभीर नहीं होंगे , तब तक बीसीसीएल ऐसे ही यहां के लोगों का मानसिक शोषण करती रहेगी।
आवास खाली नहीं करेंगे : मनोज
ई ब्लाक में वर्षों से रह रहे मनोज कुमार सिंह कहते हैं, हम किराया देंगे, लेकिन आवास किसी भी हालत में खाली नहीं करेंगे। कंपनी के जबर्दस्ती करने की स्थित में मटकुरिया कांड से भी भयावह स्थिति होगी।