पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Dhanbad
  • पीएम के कार्यक्रम में निरसा से पांच हजार लाभुक जाएंगे बलियापुर

पीएम के कार्यक्रम में निरसा से पांच हजार लाभुक जाएंगे बलियापुर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज|निरसा/कालूबथान

25 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बलियापुर आगमन को लेकर रविवार को निरसा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत सचिव, सेविका व सहिया, पोषण सखी, पीडीएस दुकानदार, कृषक मित्र, ग्राम विकास व आदिवासी विकास समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में निरसा प्रखंड को एक सौ वाहनों से लाभुकों व उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियियो को बलियापुर पहुंचने की बात कही गई। साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पांच हजार लाभुकों की उपस्थिति दर्ज करवाने का भी निर्देश दिया गया। वहीं कलियासोल प्रखंड कार्यालय में भी बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ मुकेश कुमार बाउरी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शिवकुमार दारूका, सीओ कृष्ण कुमार मरांडी, एमओ सुबोध कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

पदाधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते डीडीसी।

लाभुकों की समस्याओ से अवगत होंगे पीएम: कुलदीप

डीडीसी कुलदीप चौधरी ने कहा कि निरसा प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के लाभुकों को 25 मई को बलियापुर में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पहुंचाना सुनिश्चित करवाना पदाधिकारियों की जिम्मेवारी है। प्रधानमंत्री सीधे लाभुकों से विकास योजनाओं से अवगत होंगे। साथ ही विकास योजनाओं में लाभुकों को होनेवाली समस्याओं से अवगत होंगे। लाभुकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए पंचायत वार को-ऑर्डिनेटर वाहन उपलब्ध करवाएंगे। वाहनों को सुव्यवस्थित उपलब्ध करवाने की जिम्मेवारी नोडल पदाधिकारी व पंचायत पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।

पीएम की सभा को ले उप विकास आयुक्त ने की बैठक

कुमारधुबी|25
मई को सिंदरी में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर लाभुकों को सभास्थल तक पहुंचाने के लिए उप विकास आयुक्त कुलदीप चौधरी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, 20 सूत्री कार्यकारिणी समिति, पंचायत समिति सदस्य व मुखिया के साथ रविवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रखंड की सभी पंचायतों से उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री रोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं शौचालय तथा अन्य प्रकार के लाभुकों को सभा स्थल बलियापुर तक व्यवस्थित तरीके से ले जाने के मुद्दे पर बात हुई। बैठक में मौजूद सदस्यों ने बताया कि बीडीओ पर 3000 व्यक्तियों को ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पीएम के कार्यक्रम का मुखिया करेंगे बहिष्कार

भास्कर न्यूज|गोविंदपुर

गोविंदपुर प्रखंड मुखिया संघ ने रविवार को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित उपायुक्त ए दोड्डे की बैठक का बहिष्कार किया। उपायुक्त ने रविवार को प्रखंड मुख्यालय में बैठक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बलियापुर में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों से भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभुकों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने तैयारियों के बारे में प्रखंड के अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को दिशा निर्देश दिए। बैठक में अंचल अधिकारी अनिल कुमार, बीएचओ डॉ. अनिल कुमार, मुरलीधर राम सेठ समेत सभी पर्यवेक्षक पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक उपस्थित थे। बैठक में प्रखंड के सभी पंचायत के मुखियाओं को भी आमंत्रित किया गया था। बैठक में मुखिया मौजूद भी हुए, परंतु जब उन्हें जानकारी हुई की प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजित की गई है तो उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया। गोविंदपुर प्रखंड मुखिया संघ ने रविवार को रतनपुर में अध्यक्ष मोबीन अंसारी की अध्यक्षता में बैठक की। इसमें रघुवर सरकार की कार्य-प्रणाली के खिलाफ प्रधानमंत्री की सभा का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। कहा गया है कि 24 मई को रणधीर वर्मा चौक धनबाद में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। कहा गया कि ग्राम विकास समिति एवं आदिवासी विकास समिति का गठन कर पंचायती राज का गला घोटा जा रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में न मुखिया शामिल होंगे न अपने पंचायत की जनता को शामिल होने देंगे। बैठक में मुखिया मनोज हाड़ी, साधु हाजरा, लाल मोहन महतो, मिहीर मंडल, धनी देवी, मोजाहिद अंसारी, सुमित्रा देवी, मधुसिंह, मालती देवी, रैफून बीबी, माला रजवार, यशोदा देवी, नारायण मुर्मू आदि शामिल थे।

बैठक के दौरान विरोध करते गोविंदपुर के मुखिया।

इधर, वामदलों ने निकाला बाइक जुलूस

चापापुर में नुक्कड़ सभा के दौरान वामदल के सदस्य।

निरसा|बलियापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर वामदलों ने रविवार को हल्ला बोल-पोल खोल कार्यक्रम के तहत मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। मोटरसाइकिल जुलूस निरसा मासस कार्यालय से शुरू होकर चापापुर, भालखोरिया, जोराडीह, बेनागोड़िया, भागाबांध, पांड्रा आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया। साथ ही सभी स्थानों में नुक्कड़ सभा आयोजित की। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को ध्वस्त करने का काम कर रहे हैं। इससे पूंजीपतियों का बोलबाला हो सके। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों को तहस-नहस कर उसे आउटसोर्सिंग के माध्यम से निजी हाथों में गिरवी रखने की साजिश रच रहे हैं। चुनाव के समय घोषणा की थी कि, प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार मिलेगा व काला धन देश में वापस आएंगे। इसके लिए नोटबंदी का दंश भी देशवासियों ने झेला। परंतु देश में काला धन तो नहीं आया परन्तु कुछ पूंजीपति देश के पैसे को लेकर विदेशो में रहने जरूर लगे। किसानो के कर्ज माफ़ करने के स्थान पर पूंजीपतियों के कर्ज को माफ किया जा रहा है। मौके पर आगम राम, दिल मोहम्मद, कार्तिक दत्ता, टूटून मुखर्जी, मुमताज अंसारी,नागेंद्र कुमार,मनोरंजन मल्लिक,हरेंद्र सिंह,एसके घोष,रविकांत आदि थे।

खबरें और भी हैं...