प्रदेश सरकार 2 अप्रैल को हुए भारत बंद के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में हुई घटना की जांच करवाएगी। निर्दोष व्यक्तियों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी और जन-धनहानि के लिए प्रभावितों को उचित सहायता राशि दी जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मंत्रालय में कही। उन्होंने यह बात बहुजन संघर्ष दल के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान कही। प्रतिनिधि मंडल ने ग्वालियर-चंबल संभाग में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराने और इसमें हुई जनहानि के लिए प्रभावितों को राहत राशि देने के संबंध में ज्ञापन दिया। गौरतलब है कि 2 अप्रैल को भिंड में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के संबंध में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों के विरोध में प्रदर्शन हुआ था। ज्ञापन सौंपने वालों में बहुजन संघर्ष दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष फूल सिंह बरैया, पूर्व विधायक चतुरीलाल बराधिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ मोरे आदि शामिल थे।