कमलनाथ के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बैतूल आने पर कांग्रेसियों में जोश देखा गया। उनके स्वागत में कांग्रेसियों कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर शहीद भवन तक ले गए। यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा आपका जोश से मेरा 250 ग्राम खून बढ़ता है। इस बार कार्यकर्ताओं का जोश और जनता का सरकार के प्रति आक्रोश ही कांग्रेस की सत्ता में वापसी कराएगा। उन्होंने कहा यह प्रश्न किसी का नहीं है, ये प्रश्न प्रदेश के भविष्य का है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने 15 सालों में प्रदेश का बंटाधार किया है। व्यापारी, किसान और युवा सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा प्रदेश की अर्थव्यवस्था कृषि पर टिकी हुई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि मैं किसान का बेटा हूं, लेकिन उन्हीं के राज में सबसे ज्यादा किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए कहा मोदी कहते हैं कि वह दो करोड़ युवाओं को रोजगार दिलाएंगे, लेकिन आज युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। प्रदेश में आज तक उद्योग खुले कम, बंद अधिक हो गए। इससे युवाओं को बेरोजगार घूमना पड़ रहा है। अब शिवराज सरकार को हिसाब-किताब देने का समय आ गया है। उन्होंने सारनी में उद्योग को लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी द्वारा की जा रही भूख हड़ताल पर भी सवाल उठाया। इस सम्मेलन में जिले भर से हजारों की संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सुखदेव पांसे ने कहा सांसद कमलनाथ के प्रयासों से ही बैतूल जिले को सड़क सहित अन्य सुविधाओं के लिए राशि मिली। बैतूल से नागपुर तक फोरलेन कमलनाथ की ही देन है। उन्होंने कहा कमलनाथ ने ही हेमा मालिनी के चिकने गालों की तरह नागपुर तक सड़क बनवाई है।
सभा में कांग्रेसियों की कटी जेब : कमलनाथ की सभा में आधा दर्जन कांग्रेसियों के पर्स चोरी हो गए। कोतवाली थाने में कुछ कांग्रेसियों ने लिखित तो कुछ ने मौखिक शिकायत की। कांग्रेस कार्यकर्ता गुड्डा खातरकर ने बताया सभा में किसी ने पर्स चुरा लिया।
कलचुरी समाज के कार्यक्रम में नारायण सामी ने की कांग्रेस को वोट देने की अपील तो भड़की भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष : हैहय कलचुरी समाज का प्रदेशस्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन शनिवार को लाल बहादुर स्टेडियम में हुआ। इस सम्मेलन में समाज के पदाधिकारियों के अलावा पुडुचेरी के सीएम नारायण सामी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी मौजूद थे। सामी ने मंच पर भाषण देने के बाद समाज के लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील कर दी। इससे भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा शिवहरे भड़क गईं। वह उठकर मंच की ओर जाने लगी और कहने लगी कि सामाजिक कार्यक्रम का राजनीतिकरण मत करो। इस बीच उनके साथ हुई धक्कामुक्की से उनके पति राजेंद्र शिवहरे भी भड़क उठे। कमलनाथ के भाषण के समय भी राजेंद्र शिवहरे सहित समाज के कुछ लोग समाज के कार्यक्रम का राजनीतिकरण करने पर आपत्ति जताते रहे।
पुडुचेरी के सीएम ने कहा- किसान विरोधी है भाजपा सरकार
कार्यकर्ता सम्मेलन में पुडुचेरी के सीएम नारायण सामी ने कहा भाजपा के शासनकाल में प्रदेश में कोई विकास नहीं हुआ है। इस बार के चुनाव में भाजपा को सत्ता से गिराना है। भाजपा किसान विरोधी सरकार है। मोदी सरकार केवल किसानों का कर्जा माफ करने की बात बोलती है, लेकिन कांग्रेस ने ही किसानों का कर्जा माफ किया था। इस बार के चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश देखा जा रहा है, इससे लगता हैं प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनकर रहेगी।