महिलाओं के धरना प्रदर्शन के बाद पेयजल स्रोतों को देखने पहुंचे अध्यक्ष
धार | नपाध्यक्ष पर्वतसिंह चौहान, पूर्व जिपं अध्यक्ष मनोजसिंह गौतम आदि ने सीतापाट तालाब, दिलावरा तालाब व फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। वहां मौजूद मोटर ऑपरेटरों से चर्चा की। शरारती तत्वों द्वारा पानी का दुरुपयोग करने पर जिम्मेदार कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
अध्यक्ष चौहान ने बताया शहर के तालाबों में अभी पर्याप्त पानी है। बिजली की समस्या है। घंटों बिजली बंद रहने से बराबर पानी का सप्लाई नहीं हो रहा है। इसके लिए नगर पालिका द्वारा जनरेटर की व्यवस्था अतिशीघ्र की जाएगी। ताकि नियमित रूप से पानी लेकर शहर में सप्लाई किया जा सके। पानी के दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि शहर में नियमित रूप से जल वितरण नहीं होने पर शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में महिलाओं ने नपा कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया था। नियमित पानी देने की मांग की थी।
शहर में 9109 घरेलू कनेक्शन और 68 व्यवसायिक नल कनेक्शन है। दो दिन छोड़कर पानी सप्लाई किया जाता है। नया फिल्टर प्लांट 9.3 एमएलडी (1 करोड़ 10 लाख लीटर की प्रतिदिन क्षमता) का है। जहां से पानी शुद्ध कर टंकियों में सप्लाई किया जाता है। बावजूद कुछ कॉलोनियों व मध्य क्षेत्र में 8 से 10 दिन में पानी दिया जा रहा।