धार | मुख्यमंत्री प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत जिले के 614 विद्यार्थी 28 मई को भोपाल के लाल परेड ग्रांउड में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रु. व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करेंगे। योजना में माशिमं की हायर सेकंडरी परीक्षा में 85% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी व अनुसूचित जाति एवं जनजाति के 75% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी शामिल हैं। जिला शिक्षाधिकारी अनिल वर्मा ने बताया विद्यार्थियों को 27 मई को भोपाल ले जाया जाएगा। जहां 28 मई को कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। विद्यार्थियों के आवास, भोजन की व्यवस्था शासन द्वारा की जाएगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी बनाया है। जहां पर 07292-222309 व 07292-233737 नंबर पर कार्यक्रम संबंधी सूचनाएं प्राप्त की जा सकती हैं।