कठुआ रेप भयावह, उम्मीद है दोषियों को सजा मिलेगी: संयुक्त राष्ट्र प्रमुख
एजेंसी | संयुक्त राष्ट्र/जम्मू
कठुआ कांड की गूंज संयुक्त राष्ट्र तक पहुंच गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने आठ साल की बच्ची के साथ बार-बार सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने को भयावह घटना बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जघन्य अपराध के दोषियों को उचित सजा देगा।
इसी बीच, भाजपा ने जम्मू-कश्मीर सरकार से अपने दो मंत्रियों के इस्तीफे को हरी झंडी देते हुए इन्हें मंजूरी के लिए सीएम महबूबा मुफ्ती को भेजने का फैसला किया है। जम्मू पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने दावा किया कि मंत्री लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा तो प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने के लिए रासना गांव गए थे। शेष| पेज4 पर
लोगों ने गलत मतलब निकाला कि वह आरोपियों के समर्थन में गए थे। लेकिन उन्होंने किसी भी तरह से जांच को प्रभावित नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम का भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मंत्रियों ने पीडीपी के दबाव में इस्तीफा नहीं दिया है।
चार पुलिसकर्मी बर्खास्त; फास्ट ट्रैक ट्रायल के लिए महबूबा ने हाईकोर्ट को भेजी चिट्ठी
जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कठुआ कांड के आरोपी चार पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें एक सब इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और दो स्पेशल पुलिस अॉफिसर शामिल हैं। उन्होंने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर मामले का ट्रायल 90 दिन में पूरा करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की मांग की।
पीड़िता की मां बोली- बेटी को डॉक्टर बनाना चाहती थी, लेकिन अब सिर्फ दोषियों को फंदे पर देखना चाहती हूं
उधमपुर | गर्मियां शुरू होते ही बकरवाल समुदाय ने सामान और जानवरों के साथ जम्मू इलाका छोड़कर कश्मीर का रुख कर लिया है। कठुआ में दुष्कर्म के बाद मारी गई बच्ची के माता-पिता भी समुदाय के लाेगों के साथ कश्मीर की तरफ बढ़ रहे हैं। बेटी की मौत का गम सीने पर लेकर चल रही मां कहती है, ‘वह इतनी सुंदर और होशियार थी। मैं उसे डॉक्टर बनाना चाहती थी। लेकिन मेरी अब सिर्फ एक ही इच्छा है कि दोषी फांसी के फंदे पर लटकाए जाएं।’ 8 साल की बच्ची को उसके मामा-मामी ने गोद ले रखा था। बच्ची की मां अफसोस जताते हुए कहती है, ‘मैंने उसे भाई के घर पर छोड़ा ही क्यों?’ बच्ची के पिता कहते हैं, ‘क्राइम ब्रांच की जांच से हम संतुष्ट हैं। हमें सीबीआई जांच की जरूरत नहीं है।’
जिस तरह जम्मू के लोगों ने कठुआ मामले में विरोध जताया और सांप्रदायिक ताकतों को खारिज किया है, वह तारीफ के काबिल है। इससे धार्मिक एकता तथा सच्चाई को प्रोत्साहन मिलता है। -महबूबा मुफ्ती, मुख्यमंत्री, जम्मू-कश्मीर
भाजपा विधायक सेंगर सात दिन के रिमांड पर
लखनऊ | उन्नाव दुष्कर्म कांड और पीड़िता के पिता की हत्या के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सीबीआई कोर्ट ने सात दिन के रिमांड पर जांच एजेंसी को सौंप दिया है। वहीं, कोर्ट में पेशी पर जाते वक्त सेंगर ने मीडिया से कहा, “भगवान पर भरोसा है।’ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीबीआई ने शनिवार शाम 4.00 बजे विधायक को कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी ने कोर्ट से 14 दिन का रिमांड मांगा। सेंगर के वकील ने इस मांग का कोई विरोध नहीं किया। लेकिन कोर्ट ने उन्हें सात दिन के रिमांड पर ही सीबीआई को सौंपा।
उल्लेखनीय है कि करीब छह दिन तक विवाद जारी रहने के बाद शुक्रवार तड़के सीबीआई ने विधायक को हिरासत में लिया था और 17 घंटे तक पूछताछ के बाद देर रात गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को भी सीबीआई ने सेंगर से कई घंटे तक पूछताछ की। कोर्ट में पेशी से पहले उनका पीड़िता के साथ भी आमना-सामना करवाया गया। सीबीआई ने पीड़िता का लखनऊ के लोहिया अस्पताल में मेडिकल भी करवाया। इसके बाद उसे उन्नाव के होटल में परिवार के पास छोड़ दिया गया।
-----------
पीड़िता को विधायक के पास ले जाने की आरोपी महिला भी गिरफ्तार:
नाबालिग पीड़िता को विधायक सेंगर के पास ले जाने की आरोपी महिला शशि सिंह को भी सीबीआई ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उन्नाव से गिरफ्तारी के बाद उसे लखनऊ ले आया गया। पीड़िता का आरोप है कि शशि ने नौकरी का झांसा देकर उसे विधायक से मिलवाया था। हालांकि, शशि का दावा है कि युवती ने झगड़े के चलते उनके बेटे को भी दुष्कर्म के केस में फंसाया था।