पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • उपद्रवियों के साथ रेल रोक उखाड़ी थी पटरी, ड्यूटी देने थाने पहुंचा सिपाही, सस्पेंड

उपद्रवियों के साथ रेल रोक उखाड़ी थी पटरी, ड्यूटी देने थाने पहुंचा सिपाही, सस्पेंड

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में 2 अप्रैल को ग्वालियर-चंबल अंचल में हुए उपद्रव में सक्रिय रहे सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों की संख्या सौ से अधिक हो गई है। बंद के दौरान मुरैना में रेल पटरी उखाड़ने वाले उपद्रवियों में शामिल अजाक थाने के सिपाही विनीत मौर्य को उपद्रव में संलिप्तता पाये जाने के बाद सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस को उपद्रव वाले दिन के जो फुटेज मिले हैं, उनमें सिपाही सिविल ड्रेस में उपद्रवियों के साथ पटरी उखाड़ते दिख रहा है। शुक्रवार को सस्पेंड किए जाने के बाद से सिपाही ड्यूटी से गायब है। उल्लेखनीय है कि उपद्रवियों ने रेलवे की दो करोड़ की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।

सिपाही विनीत मौर्य निवासी भिंड दो अप्रैल की सुबह सात बजे ही उपद्रवियों की भीड़ में शामिल हो गया था। सुबह 9.30 बजे उपद्रवी जब रेलवे ट्रैक पर पहुंचे तो सिपाही विनीत मौर्य भी सिविल ड्रेस में उनके साथ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को रोकते वहां नजर आया। उस पर भीड़ के साथ ट्रेन रोकने आैर कोच समेत इंजन को क्षति पहुंचाने का आरोप है। सुबह 11 बजे तक उपद्रव को अंजाम देने के बाद सिपाही ड्यूटी करने थाने जा पहुंचा। सस्पेंशन आदेश में एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने लिखा है कि सिपाही विनीत मौर्य ने उपद्रवी भीड़ में शामिल होकर पुलिस की सामान्य सेवा शर्तों का उल्लंघन किया है। निलंबित सिपाही को पुलिस लाइन में अटैच किया गया है। रक्षित निरीक्षक भारत सिंह यादव के मुताबिक, निलंबित सिपाही विनीत मौर्य ने 14 अप्रैल तक लाइन में आमद नहीं दी है। एसपी का कहना है कि फिलहाल विभागीय जांच करवाई जा रही है, इसमें दोषी पाए जाने पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी और केस दर्ज करवाया जाएगा।

रेलवे पुलिस के रिकॉर्ड में ये 11 वांटेड : उपद्रव वाले दिन प्लेटफार्म नंबर-दो और तीन पर तोड़फोड़ करने के मामले में जीआरपी ने 800 आरोपियों पर केस दर्ज किया था। इनमें से अब तक 61 को जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा चर्चित चेहरों को और नामजद किया गया है। इनमें अजाक्स के जिला अध्यक्ष राजवीर अग्निहोत्री, दलित शोषित मंच के अध्यक्ष जेके पिप्पल, आरक्षण बचाओ मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र बौद्ध, अजाक्स छात्र संघ के जिलाध्यक्ष सोनू मौर्य, भीम सेना के सोनू जौनवार, जाटव महासभा के सलाहकार रामहेत पिप्पल, बाल्मीकि महापंचायत के जिलाध्यक्ष विजय कडेंरे, बौद्ध भिक्षु, पार्षद गब्बर जाटव व फल व्यवसायी अशोक बूटा को हत्या के प्रयास, बलवा, फायरिंग, शासकीय कार्य में हस्तक्षेप, शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने समेत रेलवे एक्ट की धाराओं के तहत आरोपी बनाया है।

रेलवे ने आंका करीब दो करोड़ का नुकसान : उपद्रव के दौरान रेलवे को दो करोड़ का नुकसान हुआ है। नुकसान की अलग-अलग रिपोर्ट रेलवे अधिकारियों ने जीआरपी को सौंपी है। प्लेटफार्म पर लगे डिस्प्ले तोड़ने से टेलीकॉम सेक्शन को एक करोड़ 30 लाख रुपए की क्षति पहुंची है। प्लेटफार्म नंबर एक, दो व तीन पर पंखे, शीशे तोड़ने से तीन लाख और रेलवे के सिग्नल तोड़ने से एक लाख की क्षति हुई है। कुल चार लाख रुपए की क्षति हुई है। पटरियां उखाड़ने, फिसप्लेट निकालने, स्लीपर उखाड़ने से 16 लाख 98 हजार 372 रुपए का नुकसान हुआ है। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के इंजन समेत कोचों में तोडफ़ोड़ से 74 हजार 630 रुपए का नुकसान हुआ है।

अब तक 7 सस्पेंड, 4 गिरफ्तार, 100 से अधिक की जांच : उपद्रव के मामले में ग्वालियर, डबरा, दतिया और मुरैना में सात अधिकारी-कर्मचारी सस्पेंड हो चुके हैं। चार कर्मचारी गिरफ्तार हो चुके हैं और 100 से अधिक की जांच चल रही है।

खबरें और भी हैं...