डीसीए आलीराजपुर ने डीसीए धार को हराया
भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर
जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) आलीराजपुर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय त्रिकोणीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच डीसीए आलीराजपुर ने डीसीए धार को हराकर पांच विकेट से जीत लिया। स्थानीय फतेह क्लब मैदान हुए फाइनल मुकाबले में आलीराजपुर टीम ने टॉस जीतकर धार की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। 40 ओवर के मैच में मात्र 32 ओवर में 152 रन बनाकर धार की टीम ऑल आउट हो गई। जिसमें सबसे अधिक 77 रन बल्लेबाज अक्षय और शैलेंद्र ने 36 रन बनाए। आलीराजपुर की ओर से सबसे ज्यादा 3 विकेट अजीत रावत और 2 विकेट अजहर ने लिए। फाइनल मैच जीतने के लिए 152 रन का पीछा करते हुए डीसीए आलीराजपुर ने 38 ओवर में 153 रन का लक्ष्य 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर मैच जीत लिया। बल्लेबाज अजीत ने 54 रन और आशीष रावत ने 25 रन का योगदान दिया।
टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष भदु भाई पचाया एवं पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष विक्रम सेन द्वारा किया गया। विजेता, उप विजेता टीम सहित मैन ऑफ द मैच अजित रावत, मैन ऑफ द सिरीज आशीष, श्रेष्ठ बल्लेबाज शैलेष खोड़े को ट्रॉफियों से पुरस्कृत किया गया। गौरतलब है कि क्रिकेट खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष डीसीए आलीराजपुर द्वारा रियासतकालीन फतेह क्लब मैदान पर टूर्नामेंट आयोजित किया जाता है। साथ ही मैदान पर ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर भी जारी हैं। प्रशिक्षक राबर्ट डेनियल और शिवा वाणी द्वारा क्रिकेट के गुर सिखाए जा रहे हैं।
इस दौरान आयोजक डीसीए अध्यक्ष गोविंद जोशी, सचिव सुरेश माहेश्वरी, सह सचिव शिवा वाणी, कार्यकारिणी सदस्य विशाल राठौड़, टूर्नामेंट के विशेष सहयोगी गोविंदा सराफ, मोइनुद्दीन पठान सहित क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे। टूर्नामेंट में अंपायरिंग राबर्ट डेनियल द्वारा की गई जिनका सम्मान भी ट्रॉफी प्रदान कर किया गया।
डीसीए त्रिकोणीय क्रिकेट ट्रॉफी के फाइनल में डीसीए आलीराजपुर ने जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया
डीसीए आलीराजपुर ने डीसीए धार को 5 विकेट से हराकर जीता टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला। मौजूद अतिथि, खिलाडी व क्रिकेट प्रेमी।