पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 83 साल पुराना नपा भवन नशेड़ियों जुआरियों के हवाले

83 साल पुराना नपा भवन नशेड़ियों-जुआरियों के हवाले

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
8 साल पहले नगरपालिका कार्यालय मांडू रोड स्थित नए भवन में शिफ्ट हो गया। नई नपा परिषद ने अपने पहले सम्मेलन में वर्तमान कार्यालय के ऊपर भवन बनाने या एसपीडीए मैदान के पास खाली पड़ी जमीन पर नया कार्यालय भवन बनाने पर तो चर्चा की लेकिन पिछले 8 साल से लावारिस पड़े पुराने कार्यालय भवन की सुध नहीं ली। धार में नगरपालिका की स्थापना 1862 में हुई थी। म्युनिसिपल एक्ट 1922-23 में बना। तब स्टेट का शासन था। उसी दौरान करीब 1935 के आसपास यह भवन बना। ऐतिहासिक होने के बावजूद भवन पर ध्यान नहीं है, धरोहर नशेड़ियों और जुआरियों का अड्डा बन कर रह गई है। नशा करने वाले खिड़कियां तोड़े रहे हैं। दीवारों को गुटखा थूक-थूक लाल कर दिया है।

पुराने नपा भवन में प्राचीन घंटाघर है। संरक्षण के अभाव में भवन के दरवाजे-खिड़कियों की असामाजिक तत्व तोड़फोड़ कर रहे हैं। फर्शियां भी चोरी हो रही हैं।

भाजपा की पूर्व नपाध्यक्ष ने कहा-प्रशासन अड़चनें रही
पूर्व नपाध्यक्ष ममता जोशी का कहना है-बीच का भवन छोड़ कर आसपास के भवन तोड़ने के लिए विज्ञप्ति भी निकाली थी लेकिन प्रशासनिक अड़चनें खत्म ही नहीं हुई।

भाजपा ने पांच साल सपने दिखा कर निकाले
5 साल भाजपा की पूर्ण बहुमत की परिषद नगरपालिका में रही। पहले ही साल सपना दिखाया कि पुराने नगरपालिका भवन को आर्किटेक्ट से डिजाइन करवाएंगे। भवन का संरक्षित कर आसपास शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। हर साल इसके लिए बजट प्रावधान भी किया गया लेकिन कभी डिजाइन तक नहीं बनाया।

अब कांग्रेस नीत परिषद से उम्मीद
कांग्रेस नीत नई परिषद के पहले बजट में पुराने नगरपालिका भवन के जीर्णोद्धार को शामिल किया गया है। हालांकि इसके लिए परिषद की पहली बैठक में कोई एजेंडा नहीं रखा गया। शनिवार को परिसर में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। पिछले हिस्से में लोग जुआ खेल रहे थे। शुक्रवार रात भी यहां बस खड़ी थी, बराती यहीं से बैठे और विदा हुए।

कांग्रेस के लोक निर्माण समिति सभापति ने कहा-पीआईसी में रखेंगे
लोक निर्माण समिति सभापति का कहना है-लोगों से चर्चा करेंगे कि किस तरह से भवन को नए सिरे से संरक्षित किया जाए। इसके बाद आर्किटेक्ट से प्लान बनवा कर अगली पीआईसी में मंजूरी के लिए रखेंगे।

खबरें और भी हैं...