एजेंसी | नई दिल्ली. बॉम्बे लॉयर्स एसोसिएशन ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करके सीबीआई जज बीएच लोया की मौत मामले में अपने आदेश की समीक्षा करने का अनुरोध किया है। शीर्ष कोर्ट ने जज लोया की मौत की स्वतंत्र जांच कराने संबंधी पांच याचिकाओं को 19 अप्रैल को खारिज कर दिया था। याचिकाकर्ताओं में बॉम्बे लॉयर्स एसोसिएशन भी शामिल था। जज लोया सोहराबुद्दीन फर्जी एनकाउंटर मामले की सुनवाई कर रहे थे।
याचिका में कहा गया है कि न्याय की खातिर संबंधित फैसले और आदेश को वापस लेकर उसकी समीक्षा की जानी चाहिए। छुट्टियों के बाद याचिका विचार के लिए आएगी।
1 दिसंबर 2014 को जज लोया की हार्ट अटैक से नागपुर में मौत हो गई थी। वे एक सहयोगी की बेटी की शादी में मुंबई से वहां गए हुए थे। उनकी मौत को संदिग्ध बताते हुए स्वतंत्र जांच के लिए याचिकाएं दायर की गई थीं। जस्टिस दीपक मिश्रा, जस्टिस एएम खानविलकर और डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच ने 19 अप्रैल को यह कहते हुए याचिकाएं खारिज कर दी थीं कि बीएच लोया की मौत के मामले में संदेह का कोई आधार नजर नहीं आता। इसलिए मामले की स्वतंत्र जांच के आदेश का कोई आधार नहीं दिखता।