देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी का कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) मंगलवार को इंदौर के 23 केंद्रों में होगा। इसके अलावा देशभर के 26 अन्य शहरों के एक-एक केंद्र में भी यह टेस्ट होगा। इस बार भी परीक्षा ऑनलाइन होगी। यूनिवर्सिटी के आईएमएस, आईआईपीएस, स्कूल ऑफ लॉ, कॉमर्स, फार्मेसी, इकोनॉमिक्स, एसजेएमसी और ईएमआरसी सहित लगभग 16 विभागों में एडमिशन के लिए यह परीक्षा हो रही है। 48 कोर्स की 2653 सीटों के लिए होने वाली इस परीक्षा में लगभग 17 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 से 11.30 बजे तक, जबकि दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2 से 3.30 बजे तक होगी। दोनों शिफ्ट में छात्रों को दो घंटे पहले सेंटर में पहुंचना होगा।
ये दस्तावेज साथ लेकर जाएं
छात्रों को परीक्षा के दौरान एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या अन्य मान्य फोटो आईडी ले जाना होगा।
बी वोक काेर्स भी इस बार सीईटी में
इस बार पंडित दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास केंद्र में चल रहे विशेष कोर्स और कुछ विभागों के बैचलर ऑफ वोकेशनल (बी वोक) डिग्री कोर्स भी इस बार सीईटी का हिस्सा हैं। ग्रुप ए में 21, बी में 14, सी में 4 और ग्रुप डी में 9 कोर्स हैं। सीईटी चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार के अनुसार परीक्षा की तैयारी पूरी हो चुकी है। हर केंद्र पर हमारी टीम पहुंच चुकी है। हम लगातार हर टीम से संपर्क में रहेंगे। कंट्रोल रूम भी बनाया है। कुलपति प्रो. नरेंद्र धाकड़ का कहना है कि यह पहली बार होगा, जब समय से पहले न केवल यूटीडी में एडमिशन शुरू हो जाएंगे, बल्कि तय समय पर पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी।