यशवंत क्लब मैनेजिंग कमेटी के चुनाव 24 जून को होना है। इस बार चुनाव के एक माह पहले आचार संहिता लागू की जाना थी, लेकिन कानूनी विवाद के चलते मैनेजिंग कमेटी इसे लागू नहीं कर पाई। अब इस पर विचार हो रहा है कि मैनेजिंग कमेटी अपने स्तर पर ही शराब पार्टियां राेकेगी, ताकि बिना विवाद और पैसा बर्बाद किए चुनाव प्रचार हो। इसके लिए कमेटी इसी सप्ताह बैठक कर इसके बिंदु तय करेगी। जानकारी के अनुसार यह विचार किया जा रहा है कि क्लब में बाहर से शराब लाना प्रतिबंधित किया जाएगा, जिससे बड़े स्तर पर शराब पार्टी न हो। वहीं क्लब की जमीन पर चुनावी पार्टी के लिए मैनेजिंग कमेटी किसी भी उम्मीदवार को मंजूरी जारी नहीं करेगी। इसी तरह कुछ और बिंदुओं पर भी विचार किया जा रहा है, जिसे कमेटी की बैठक के बाद क्लब के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया जाएगा। दरअसल क्लब की असाधारण सभा में आचार संहिता को पास कर दिया गया था। इसमें शराब पार्टी, बल्क में सदस्यों को एसएमएस व वाट्सएप संदेश भेजने आदि पर रोक लगाई गई थी, लेकिन बाद में नो एज लिमिट विवाद के चलते कोर्ट ने यथास्थिति के आदेश जारी कर दिए।