प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालय में तृतीय वर्ग की कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। सरकार की योजनाओं को जमीनी हकीकत पर उतारने के लिए रात-दिन एक कर देते हैं। उनको उनकी मेहनत और पसीने की हर एक बूंद का हक मिलना चाहिए।
यह बात मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित ओपी कटियार ने इंदौर में अधिवेशन के दौरान कही। रवींद्र नगर स्थित पीडब्ल्यूडी कम्युनिटी हाॅल में आयोजित कर्मचारी संघ के दो दिवसीय अधिवेशन में 35 सूत्री मांगों को लेकर एजेंडा तय किया गया। सरकार से समान कार्य समान वेतन के साथ ही अनुकंपा नियुक्ति से जैसे प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से रखने की बात हुई। अधिवेशन राम सिंह रघुवंशी के मार्गदर्शन में इंदौर इकाई द्वारा आयोजित किया गया था। जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न कल्याणे व सचिव प्रकाश चौैहान ने बताया कि अधिवेशन में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्ष, ब्लाॅक अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष और दो हजार से ज्यादा सदस्य शामिल हुए। प्रांतीय अध्यक्ष के पद के लिए निर्वाचन अधिकारी शिवनारायण शर्मा ने पूरी प्रक्रिया के बाद एकमात्र नामांकन आने पर वर्तमान अध्यक्ष कटियार के नाम की पुनः घोषणा की।
इनका किया सम्मान
इस अवसर पर कर्मचारी संघ के अधिवेशन को सफल बनाने में राज्य पत्रित अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार नीमा, राजकुमार वर्मा, वीएस शर्मा, मार्तंड राव खानविलकर, शत्रुघ्न कल्याणे, प्रकाश चौहान, संगीता चौहान, विजय यादव, डाॅ. किलोरे, विजय कश्यप, सुनील भक्ते, सिद्धार्थ सिसौदिया, संतोष सिंह यादव का संभाग अध्यक्षों ने सम्मान किया।