आईपीएल में लीग चरण के आखिरी समय में पटरी पर लौटी आरसीबी की टीम का सफर जयपुर में जाकर थम गया। अब सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपरकिंग्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमें प्लेऑफ में पहुंच गईं हैं। हमें इसकी कोई शिकायत नहीं है।
यह जानकर और हताशा हुई कि अगर हम शनिवार को राजस्थान को हरा देते तो हम क्वालिफाई करने में सफल रहते। हम बहुत निराश हैं कि अपने 14 में से केवल छह मैच ही जीत सके। हम 2019 सीजन के लिए मजबूत आधार रखने में कामयाब रहे हैं। मैं खुशकिस्मत हूं कि 2008 में आईपीएल की शुरुआत से लेकर इसके हर सीजन में खेला हूं। मैं कह सकता हूं कि मैंने सबसे अधिक लुत्फ 2018 के संस्करण में उठाया है। पता नहीं क्यों कई वजह से मुझे ऐसा लग रहा है कि अगला आईपीएल अगले सप्ताह ही शुरू हो जाए। बेशक इस सीजन के विजेता का फैसला अभी नहीं हुआ है और चारों में से कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है। मुझे अनुमान लगाने को कहा जाए तो मैं विलियमसन की अगुआई में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच फाइनल की उम्मीद कर रहा हूं। (टीसीएम)
एबी डिविलियर्स की कलम से