सबसे रोमांचक बात यह रही कि राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल के अंतिम लीग मैचों में बढ़िया प्रदर्शन कर प्लेऑफ में पहुंच गई। 23 मई को उसका एलिमिनेटर मुकाबला केकेआर से होगा। इस बार 200 से अधिक स्कोर कम ही बने हैं पर अधिकतर मुकाबले नजदीकी रहे हैं।
स्पिनरों ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया और वैरायटी के साथ गेंदबाजी भी की है। इसी के साथ युवा भारतीय प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शन के मौके लगातार मिलते रहे हैं जो आईपीएल का मूल उद्देश्य भी है। केन िवलियमसन व एमएस धोनी ने धैर्य और संयम से कप्तानी की है। अब प्रतियोगिता का आखिरी सप्ताह बाकी है जिस दौरान सभी खिलाड़ियों पर भी दबाव बना रहेगा और बल्लेबाज आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। पहले क्वालिफायर में सनराइजर्स और सीएसके आमने-सामने होंगे।
लगातार तीन हार के बाद भी सनराइजर्स का मनोबल ऊंचा है और हम पूरे आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहे हैं। हमें अपनी कमजोरी मालूम है जिसे सुधारने की हम पूरी कोशिश करेंगे। फिलहाल हम सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ खेल रहे हैं जिसके दम पर हमने आईपीएल में 9 मैच जीत लिए हैं और इस समय हम टेबल पर टॉप पोजीशन पर हैं।
वीवीएस लक्ष्मण की कलम से