- Hindi News
- National
- राकेश सिंह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने, तोमर को चुनाव प्रबंध समिति की कमान
राकेश सिंह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने, तोमर को चुनाव प्रबंध समिति की कमान
तीन बार के सांसद और महाराष्ट्र के सह प्रभारी राकेश सिंह भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। इसके साथ ही आलाकमान ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मप्र की चुनाव प्रबंध समिति का भी ऐलान कर दिया है। केंद्रीय पंचायत मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समिति के संयोजक होंगे। साफ है कि भाजपा अब चुनावी मोड में आ गई है। राकेश सिंह ने बुधवार को नाम के ऐलान के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिहं चौहान और निवृत्तमान अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की मौजूदगी में कार्यभार ग्रहण कर लिया।
पद संभालने के बाद राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में चौथी बार पार्टी की सरकार बनाएंगे। केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव जीतेंगे। शेष पेज 4 पर
इसके लिए कमर कस ली है। पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन को नियमित प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने कहा कि वे परिश्रम में कोई कमी नहीं रखेंगे। वे अकेले कुछ नहीं कर सकते, सभी को मिलकर काम करना होगा। सामूहिक नेतृत्व हमारी खूबी है।
-------------
- तोमर की चुनावी प्रबंधन टीम नरोत्तम, राजेंद्र
प्रदेश भाजपा में किसी तरह का गतिरोध पैदा न हो, इसे थामने के लिए तोमर की चुनाव प्रबंधन टीम में नरोत्तम मिश्रा, फग्गन सिंह कुलस्ते और लालसिंह आर्य को सह संयोजक बनाया गया है। सदस्य के तौर पर थावरचंद गेहलोत, प्रभात झा, कैलाश विजयवर्गीय, नंदकुमार सिंह चौहान, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र शुक्ला, प्रहलाद पटेल और माया सिंह को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री पदेन सदस्य होंगे। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह जब तोमर की टीम के बारे में बता रहे थे तब, वे नंदकुमार सिंह चौहान का नाम बताना भूल गए। बाद में सुधार किया।
----------
- नहीं पहुंचे बड़े नेता
राकेश सिंह के पदभार कार्यक्रम से बड़े नेताओं ने दूरी बना ली। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मंगलवार को कोर कमेटी की बैठक में थे, बुधवार सुबह दिल्ली रवाना हो गए। राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय इंदौर चले गए। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व थावरचंद गेहलोत भी नहीं आए। प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे तो न मंगलवार को आए और न ही बुधवार को दिखाई दिए। पार्टी को उन्होंने व्यस्तता की जानकारी जरूर दे दी थी। शिवराज सरकार के मंत्रियों में सिर्फ अंतर सिंह, विश्वास सारंग और संजय पाठक ही नजर आए।
-------------
- तैंतीस साल बाद महाकौशल से प्रदेश अध्यक्ष
वर्ष 1980 में भाजपा के गठन के बाद से राकेश सिंह 13वें अध्यक्ष होंगे। इसमें स्व. सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी, नरेंद्र सिंह तोमर और नंदकुमार सिंह को दो-दो कार्यकाल मिला है। राकेश सिंह से पहले अप्रैल 1985 में जबलपुर के शिवप्रसाद चिनपुरिया को 10 महीने के लिए प्रदेश भाजपा का अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया था। तैंतीस साल बाद अब जबलपुर से राकेश सिंह प्रदेश अध्यक्ष बने हैं।
पेड न्यूज के कारण पिछड़ गए नरोत्तम, एकाएक आया राकेश का नाम
अध्यक्ष बनने के बाद सीएम के साथ राकेश सिंह
इस बार का चुनाव भाजपा वर्सेज ऑल है : शिवराज सिंह
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा वर्सेज ऑल पार्टी के बीच मुकाबला होगा। सारा विपक्ष एकजुट होने की कोशिश कर रहा है। विधानसभा चुनाव में हम सीटें जीतने के लिए और आगे बढ़ेंगे। संगठन और सरकार हाथ में हाथ मिलाकर आगे बढ़ेंगे। जहां तक राकेश सिंह के अध्यक्ष बनने का सवाल है तो यह भाजपा में ही है कि किसी को पता नहीं होता कि कल क्या होगा। राकेश सिंह को भी पता नहीं था कि उन्हें अध्यक्ष बनाया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के लिए नरोत्तम मिश्रा, राजेंद्र शुक्ला और भूपेंद्र सिंह समेत केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के नाम थे। तोमर का नाम आगे बढ़ा तो वे खुद पीछे हट गए। इसके बाद नरोत्तम मिश्रा और भूपेंद्र सिंह के नाम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हुआ। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश संगठन ने नरोत्तम के नाम पर सहमति दे दी, परंतु मुख्यमंत्री और तोमर इसके लिए तैयार नहीं हुए। बाद में कारण बताया गया कि नरोत्तम मिश्रा इस समय पेड न्यूज के मामले से घिरे हुए हैं। स्थिति को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी के मुख्य सचेतक व महाराष्ट्र के सह प्रभारी राकेश सिंह का नाम आगे बढ़ाया। चूंकि प्रदेश संगठन में खींचतान थी, लिहाजा राकेश सिंह के नाम पर सहमति बन गई।