पूरे विकासखंड में 19 को होगी पालकों की बैठक
जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत हितग्राहियों के ऑनलाइन प्रोफाइल पंजीयन कार्य के चलते विकासखंड के सभी शिक्षकों के 30 अप्रैल तक अवकाश पर जाने की रोक लगा दी गई है। साथ ही मुख्यालय नहीं छोड़ने के भी निर्देश जारी किए हैं। प्रोफाइल पंजीयन के लिए हुई बैठक में जो शिक्षक अनुपस्थित थे उन्हें शोकाज जारी किए हैं। 19 अप्रैल को पूरे विकासखंड में एक साथ पालकों की बैठक लेकर हितग्राही पंजीयन कार्य को पूर्ण किया जा सके।
इसे लेकर डही के उत्कृष्ट उमावि में बीआरसी मनोज दुबे ने पूरे दिन शिक्षकों की बैठक लेकर उन्हें समय सीमा में कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। जनजातीय कार्य विभाग धार के सहायक आयुक्त ब्रजेश पांडे ने जो निर्देश जारी किए हैं उसके क्रियान्वयन को लेकर वृहद स्तर पर तैयारी कर ली गई है। बीआरसी दुबे ने बैठक में शिक्षकों से कहा कि हितग्राहियों के ऑनलाइन प्रोफाइल पंजीयन के लिए जो दस्तावेज चाहे गए हैं यदि उनमेंं त्रुटि है तो उनमे आवश्यक संशोधन कर सुधार करवाएं। इस कार्य में सभी जनप्रतिनिधियों का भी मार्गदर्शन लिया जाए।
हितग्राही प्रोफाइल पंजीयन के लिए ग्राम स्तर पर 62 ग्राम प्रभारी, संकुल स्तर पर 18 झोनल अधिकारी तथा विकास खंड स्तर पर घटकवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए है। समग्र आईडी से संबंधित कार्य का दायित्व साक्षरता प्रभारी रमेश सोलंकी, डिजिटल जाति प्रमाण-पत्र के लिए आईईडी प्रभारी भुवानसिंह सोलंकी, आधार कार्ड से संबंधित कार्य के लिए बीएसी हितेंद्रसिंह ठाकुर, आधार कार्ड को बैंक खाते एवं मोबाइल से लिंक करवाने के लिए बीएसी सीताराम कुड़ेश, आय, जन्म प्रमाण-पत्र के लिए बीजीसी मीनाक्षी ठाकुर, हितग्राही प्रोफाइल के ऑनलाइन पंजीयन कार्य के लिए एमआईएस नितेश चौधरी को नियुक्त किया।
बीआरसी दुबे ने कहा स्कूल चलें हम अभियान अंतर्गत 23 से 30 अप्रैल तक घर-घर संपर्क किया जाएगा। उसमें भी प्रोफाइल पंजीयन के लिए शिक्षकों द्वारा आवश्यक सहयोग किया जाए। कार्य पूर्ण होने तक अवकाश नहीं दिया जाएगा। बैठक में अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए। प्राचार्य डही शांतिलाल गुप्ता, प्रभारी प्राचार्य पडियाल सीएल मंडलोई, बीएसी हितेन्द्रसिंह ठाकुर, उपयंत्री प्रवीण पाराशर आदि भी उपस्थित थे।
डही में प्रोफाइल पंजीयन के लिए हुई बैठक में उपस्थित शिक्षक।