- Hindi News
- National
- 61 हजार रु. की राशि बढ़ाई, अब 4.99 लाख की लागत से पिलर डालकर बनाएंगे पुलिया
61 हजार रु. की राशि बढ़ाई, अब 4.99 लाख की लागत से पिलर डालकर बनाएंगे पुलिया
भास्कर संवाददाता| कुक्षी/ तलवाड़ा
तहसील मुख्यालय कुक्षी से जिला मुख्यालय धार व इंदौर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग अंबाड़ा से तलवाड़ा के बीच बंद पड़े पुलिया निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू होगा। पीडब्ल्यूडी विभाग ने पुलिया के लिए सेंशन राशि बढ़ा दी है। पूर्व में 4.38 लाख से निर्माण होना था। अब यह राशि बढ़ाकर 4.99 लाख रु. की गई है। शीघ्र ही किसान व ग्रामीणों के मांग अनुसार पिलरों वाली पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
गौरतलब है की विगत दिनों अंबाडा तलवाड़ा के बीच की पुलिया निर्माण को लेकर ग्रामीण और किसान आक्रोशित हो रहे थे। ग्रामीण और किसानों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के सामने आक्रोश जताते हुए यह तक कह दिया था कि जो पुलिया के लिए गड्ढा खोदा है वह मिट्टी डालकर बंद कर दे। ताकि हमारे खेतों की जमीन से जो डायवर्शन मार्ग है उस पर हम अपनी खेती की जमीन को सुधार कर फसल बोने का कार्य चालू करें। ग्रामीण और किसानोंं ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को शीघ्र पुलिया का काम शुरू नहीं करवाने पर चक्काजाम तक की चेतावनी दे डाली थी। यहां पुलिया का काम बंद पड़े तीन महीने से भी ज्यादा समय बीत चुका है। पुलिया के निर्माण को लेकर कोई हल नहीं निकाल रहा था। विभाग व ग्रामीणों किसानो के बीच आपसी तालमेल नहीं जम रहा था। किसान अपनी मांग अनुसार पिलरों वाली पुलिया बनाने पर अड़े थे। इस वजह से अंबाडा तलवाड़ा मार्ग से निकलने वाले राहगीरों को भी हो रही थी परेशानी। चार दिन पूर्व पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ बी परमार भी ग्रामीणों को मनाने पहुंचे थे।
कुक्षी-तलवाड़ा- भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने राशि बढ़ाई।
ग्रामीण शुरुआत से पिलर वाली पुलिया बनाने के थे पक्षधर
विगत कई माह से ग्रामीण व किसान इस पुलिया को पिलरों वाली छत डाल कर बनाने को लेकर प्रयासरत थे। क्योंकि बरसात के समय में पुलिया पर पानी आ जाने से आवागमन बाधित होता था। साथ ही किसानों के खेतों में पानी भर जाता था। जिस की वजह से कई दिक्कतें आती थी। ग्रामीणों व किसानों की इस समस्या को लेकर दैनिक भास्कर ने 10 अप्रैल के अंक में प्रमुखता से इस खबर को प्रकाशित किया था। उस समय पीडब्लूडी विभाग के एसडीओ परमार ने बताया था कि छत वाली पुलिया बनाने के लिए प्रस्ताव इंदौर भेजा है। खबर प्रकाशित होने के बाद ही ग्राम पंचायत व लोक निर्माण विभाग सहित जनप्रतिनिधियों ने समस्या को गंभीरता से लिया और पिलरों पर छत डालकर पुलिया निर्माण का प्रस्ताव बनाकर भेजा। जिसे शासन ने पुलिया के लिए पुरानी स्वीकृत राशि 4 लाख 38 हजार को बढ़ा कर 4 लाख 99 हजार रु. किया। पीडब्लूडी विभाग के एसडीओ बी परमार ने बताया पुलिया के लिए स्वीकृत राशि बढ़ा दी गई है। शीघ्र ही अब पिलर डालकर पुलिया निर्माण का काम शुरू कराएंगे। मामले में पुलिया की स्वीकृति होने पर तलवाड़ा के ग्रामीण व किसान खुश है। महेंद्र सोलंकी, रमेश पाटीदार, अजय पटेल, लीलाधर मुकाती, नीलेश पाटीदार, उज्जवल पाटीदार, लखन मुकाती, सरपंच जगन्नाथ जामोद, मोतीलाल मुकाती आदि ने खुशी जताई हैं।