हमारे पास जीत के अलावा दूसरा चारा नहीं
हमारे पास गुरुवार को बेंगलुरू में सनराइजर्स हैदराबाद को हराने के अलावा दूसरा कोई चारा नहीं है। अगर ऐसा नहीं होता है तो आईपीएल खिताब जीतने का अभियान खत्म हो जाएगा। क्या आरसीबी लक्ष्य का बचाव करने में सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ जीत दर्ज कर पाएगी? पिछले हफ्ते तक सनराइजर्स ने चार बार पहले बल्लेबाजी की और बहुत ही साधारण स्कोर 118, 132, 146 और 151 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बावजूद वे चारों मैच जीतने में कामयाब रहे। उनकी गेंदबाजी और फील्डिंग किसी भी आईपीएल टीम में सर्वश्रेष्ठ है। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्हें पहले बल्लेबाजी कर अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर 179 बनाया।
हालांकि चेन्नई ने एक ओवर पहले ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। अचानक से लक्ष्य बचाने वाली सर्वश्रेष्ठ टीम बड़ा स्कोर नहीं बचा पाई। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि सनराइजर्स गलती से ही आईपीएल की अंक तालिका में शीर्ष पर नहीं है। उनकी टीम केन विलियमसन नेतृत्व में अच्छा कर रही है। यह टीम प्रतिस्पर्धी भी है। वे चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी बड़ी चुनौती पेश करेंगे लेकिन सीएसके ने हमें दिखा दिया है कि उन्हें भी हराया जा सकता है। आईपीएल में कभी भी किसी का पासा पलट सकता है। टीम में एक खुशी की लहर है और हमें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत की उम्मीद है। इस जीत से हम अपने प्रशंसकों को खुशी का मौका देना चाहते हैं क्योंकि इस सीजन में यह हमारा आखिरी घरेलू मैच होगा। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है, इंदौर की फॉर्म को आगे भी जारी रखना, आक्रामकता के साथ गेंदबाजी करना और उसकी जज्बे के साथ फील्डिंग करना और बल्लेबाजी करना। (टीसीएम)
एबी डीविलियर्स की कलम से