यशवंत क्लब के नो एज लिमिट विवाद में अब 26 को सुनवाई
यशवंत क्लब की विशेष असाधारण सभा (ईओजीएम) में नो एज लिमिट फैसले को लेकर जिला कोर्ट में लगी दोनों याचिकाओं पर अब 26 अप्रैल को सुनवाई होगी। एक याचिका में सोमवार को सुनवाई होना थी, लेकिन न्यायाधीश के नहीं होने के चलते इसमें अगली तारीख लग गई। इसी मामले में लगी दूसरी याचिका में पहले से ही अन्य कोर्ट में 26 अप्रैल को सुनवाई तय है। ये याचिकाएं क्लब के ही सदस्य अनिल पटवा और मनजीत सिंह भाटिया ने लगाई हैं। इनका कहना है कि ईओजीएम के एजेंडे में क्लब सदस्य की संतान को 45 उम्र होने तक ही सदस्यता देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन बैठक में अचानक इसे बदलते हुए सभी उम्र की संतान को सदस्यता देने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। यह अवैधानिक है। चुनाव के नजदीक आने पर भी यशवंत क्लब में कोई भी पैनल औपचारिक तौर पर उम्मीदवार घोषित नहीं कर रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह महागठबंधन द्वारा अब तक चेयरमैन, सचिव व अन्य पदों के लिए ऐलान नहीं करना है। इसी के चलते पम्मी पैनल भी उम्मीदवार घोषित करने से बच रही है।