सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि ‘सड़क के काम में यदि भ्रष्टाचार हुआ तो ठेकेदार को उसी सड़क की गिट्टी में गाड़ दूंगा।’ बैतूल में तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यही वजह है कि उनके विभाग में किसी भी काम में भ्रष्टाचार नहीं हुआ।
गडकरी ने कहा, ‘सड़कों का जाल बिछाने में पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बैतूल-भोपाल रोड का काम हमने शुरू कर दिया है। मैं सिर्फ घोषणा नहीं करता बल्कि उसे पूरा करके भी दिखाता हूं। सिंचाई के लिए उनकी सरकार बहुत काम कर रही है। अब नहर से नहीं पाइप से पानी खेतों में पहुंचाएंगे। कई करोड़ रुपए की सिंचाई योजनाएं शुरू हो चुकी हैं। मध्यप्रदेश में 60 हजार करोड़ खर्च कर खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
भाजपा की सरकार जाति-धर्म के आधार पर काम नहीं करती, वह गरीब के लिए काम कर रही है।
अचानक मंच पर आया पसीना, तुरंत किया इलाज
मंच पर गडकरी अपने संबोधन के बाद जैसे ही वापस बैठे तो उन्हें अचानक पसीना आने लगा और वे असहज महसूस करने लगे। उन्हें तुरंत सुरक्षा वाहन में ले जाया गया और एसी में बैठाया गया। कुछ देर बाद उनकी स्थिति में सुधार आया। डॉक्टरों का कहना था कि संभवत: उनका ब्लडप्रेशर कम हो गया था।