40 फीसदी किराया वृद्धि की मांग को लेकर निजी बस ऑनर्स एसोसिएशन द्वारा किए गए हड़ताल के आह्वान का व्यापक असर रहा। शहर से अलग-अलग रूट पर चलने वाली करीब 400 बसें बंद रही। हालांकि अनुबंधित बस एसोसिएशन ने हड़ताल को समर्थन देने से पहले ही इनकार कर दिया था। जिसके चलते इंदौर व कुक्षी रूट पर अनुबंधित बसें चलती रही। जिससे यात्रियों को कुछ राहत रही। निजी बस ऑनर्स एसोसिएशन ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि जब तक सरकार 40 प्रतिशत किराया बढ़ोत्तरी की मांग नहीं मानती तब तक हम हड़ताल करेंगे। सोमवार सुबह निजी बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्रसिंह बुंदेला हड़ताल के असर की खबर लेते रहे। उन्होंने पूरे जिले में एसोसिएशन के सदस्यों से चर्चा कर वहां की स्थित पता की। चूंकि यात्रियों को पहले ही हड़ताल की जानकारी लग गई थी इसलिए उन्होंने यात्रा करने से परहेज किया। वहीं आसपास के इलाकों में नियमित अप-डाउन करने वाले मोटर साइकिल या अन्य वाहन से अपने कार्यस्थल पहुंचे।
धार. हड़ताल के चलते बस स्टैंड पर एक दो बसे ही चलने से सन्नाटा पसरा रहा।
मैजिक वाहन से लौटे गांव
पाड़लिया के बनसिंह सुबह ग्रामीण युवक के साथ बाइक से धार में बाजार करने आए थे। जहां से वापस लौटने का साधन नहीं होने से वे मांडू रोड पर बस का इंतजार करते रहे। लेकिन साधन नहीं मिला। बाद में मैजिक वाहन से अपने गांव लौटे।
इंदौर जाना था नहीं गए
धार के भक्तावर मार्ग निवासी धर्मेंद्रसिंह इंदौर जाने के लिए घोड़ा चौपाटी पर खड़े थे, लेकिन उन्हें बस नहीं मिली। काफी देर इंतजार के बाद उन्होंने अपनी यात्रा स्थगित की। जब उन्हें बस नहीं चलने की सूचना के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया इक्का दुक्का बस चलने का पता था। इसलिए यहां पहुंच गए।
राजस्थान और गुजरात की बसें आई
दो कंपनी के बस संचालकों ने हड़ताल को समर्थन नहीं दिया था। लिहाजा इंदौर की ओर चलने वाले इस कंपनी की बसें अपने तय समय पर बस स्टैंड आई। इसके अलावा गुजरात व राजस्थान की ओर से आने वाली बसें भी तय समय पर बस स्टैंड पहुंची। ऐसे में इंदौर, राजगढ़ व गुजरात की ओर जाने वाले यात्रियों को भीड़भरी बस में सफर करना पड़ा।
देर रात हड़ताल स्थगित हुई, बुधवार को भोपाल में होगी बैठक
निजी बस ऑनर्स एसोसिएशन के िजलाध्यक्ष नरेंद्रसिंह बुंदेला ने बताया इंदौर में देर रात तक बैठक चली। जिसमें 40 प्रतिशत किराया बढ़ाने की मांग रखी गई थी। लेकिन 25 प्रतिशत किराया बढ़ाने का आश्वासन मिला है। बुधवार को भी भोपाल में बैठक बुलाई है। जहां प्रस्ताव बनाकर सीएम हाऊस व परिवहन मंत्री को भेजा जाएगा। आश्वासन पर हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है।
अनुबंधित बसें चली
निजी बस ऑनर्स एसोसिएशन के हड़ताल के आह्वान से अनुबंधित बस एसो. पूरी तरह अलग रहा। उन्होंने बस स्टैंड पर पहले ही सूचना चस्पा कर दी थी कि 21 मई से होने वाली बस हड़ताल नहीं है। इंदौर, धार, राजगढ़, अहमदाबाद, झाबुआ, कुक्षी, आलीराजपुर विभिन्न मार्गों पर बसें चलेंगी। एसो. के अध्यक्ष शिव पटेल ने बताया अनुबंधित बसें पूरे दिन चली।