धार | व्यापारी राजेश कोठारी द्वारा की गई धोखाधड़ी का शिकार हुए किसान सोमवार शाम कलेक्टर दीपकसिंह से मिलने पहुंचे। उन्हें अपनी परेशानी बताते हुए कहा- साहब खरीफ की बोवनी का सीजन सिर पर है और हमें पैसों की जरूरत है। कैसे भी हमें हमारा पैसा दिलवा दो। कलेक्टर ने उन्हें प्रशासन की ओर से पूरी मदद का भराेसा दिलाया। उन्होंने कहा मंडी प्रशासन ने किसानों को भुगतान करने के लिए ही व्यापारियों की प्रतिभूति राशि में से 45 लाख रुपए जब्त किए थे। व्यापारियों ने हाईकोर्ट से उस पर स्टे लिया है। आप लोग भी न्यायालय जाकर अपना पक्ष रखें। निवेदन करें कि हमें भी सुना जाए। क्योंकि व्यापारियों ने अभी केवल मंडी प्रशासन को ही पक्षकार बनाया है। चर्चा के दौरान किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष मोहन पाटीदार ने भविष्य में किसानों की आर्थिक सुरक्षा का सवाल उठाया तो कलेक्टर ने कहा व्यापारियों ने 50 लाख की सिक्युरिटी दे दी है। 30 जून तक 2 करोड़ और देंगे। चर्चा के बाद किसान और किसान संघ के पदाधिकारी रवाना हो गए।
कलेक्टर को परेशानी बताते किसान।